
दमोह, पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशों के पालन में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भा.पु.से.),अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में 22 सितम्बर को ‘
उमंग दिवस पर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के प्रति सकारात्मक दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में ‘उमंग दिवस’ का गरिमामय आयोजन किया गया। स्कूल शिक्षा विभाग के ‘उमंग स्कूल हेल्थ एवं वेलनेस’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इन सत्रों में छात्र-छात्राओं को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक सशक्तिकरण, तनाव प्रबंधन और भावनात्मक संतुलन के महत्व से अवगत कराया गया। ‘उमंग है तो जिन्दगी में रंग है,चुनौतियों से लड़कर गढ़ेगे भविष्य’ थीम के अंतर्गत उमंग दिवस का आयोजन किया गया।
इस विशेष अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नरसिंहगढ़, सीएम राइज स्कूल दमोह तथा जेपीवी स्कूल दमोह सहित जिले के बांदकपुर, तेंदूखेड़ा, हिण्डोरिया, चौकी नरसिंहगढ़,थाना बटियागढ ,हटा,नोहटा व अन्य थाना क्षेत्रांतर्गत करीब 29 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में शारीरिक तंदुरुस्ती जितनी जरूरी है, उतना ही आवश्यक मानसिक रूप से मजबूत और संतुलित रहना भी है। श्री भदौरिया ने छात्रों को असफलता के भय से उबरने, साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी मानसिक तनाव या असमंजस की स्थिति में शिक्षकों व अभिभावकों से खुलकर बात करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों और स्वास्थ्य परामर्शदाताओं ने भी विचार व्यक्त किए और छात्रों को दैनिक जीवन में योग, सकारात्मक सोच व स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प दिलाया। विभिन्न थाना क्षेत्रों से पुलिस बल और स्थानीय गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में कार्यक्रम सफलता से संपन्न हुआ।यह जागरूकदता अभियान पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भा.पु.से) के निर्देशन में,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया,नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडेय के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न शासकीय विघालयों में आयोजित किया गया। विभिन्न कार्यक्रमों में लगभग 2200 से अधिक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम में महिला थाना और महिला सुरक्षा शाखा का बल उपस्थित रहा।
