मक्सी: विद्यार्थियों में रचनात्मकता, भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक भावनाओं के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से लायंस क्लब मक्सी द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल, मक्सी में “बप्पा के रंग” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में क्लब सदस्यों ने विद्यार्थियों को पोस्टर कलर एवं ब्रश उपलब्ध कराए और उनके द्वारा पहले से बनाई गई गणेश प्रतिमाओं को रंगने में सहयोग एवं मार्गदर्शन दिया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और रचनात्मकता के साथ गणेश प्रतिमाओं में रंग भरे। इस दौरान लगभग 30 गणेश प्रतिमाओं को रंगों से सजाया गया।
इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कला एवं कल्पनाशक्ति को अभिव्यक्त करने का अवसर मिला। गणेश प्रतिमाओं को स्वयं रंगने और सजाने से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने इस अनुभव को आनंददायक बताते हुए इसे धार्मिक एवं आशीर्वादपूर्ण अनुभूति के रूप में महसूस किया।लायंस क्लब मक्सी द्वारा विद्यार्थियों के लिए आयोजित यह पहल सेवा के साथ संस्कार, रचनात्मकता और भारतीय संस्कृति से जुड़ाव का सुंदर प्रयास रही।
कार्यक्रम को सफल बनाने में लायन मयंक काबरा (अध्यक्ष), लायन श्रीधर माहेश्वरी (सचिव), लायन शीला पटेल (सह-सचिव), लायन मणिशंकर नगर, लायन प्रकाश भावसार एवं लायन दुर्गा पाटीदार का विशेष सहयोग रहा।लायंस क्लब मक्सी ने कहा कि बच्चों के बीच इस प्रकार की रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना क्लब की सेवा भावना का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
