इंदौर: अनाज मंडी के कारोबार में निवेश कर अधिक मुनाफा देने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 1 करोड़ 43 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. शिकायत की जांच में बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की तकनीकी पड़ताल के बाद अपराध शाखा ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जांच में दोनों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आए हैं.
बिचौली रोड निवासी कवलदीप सिंह रीन ने शिकायत की थी कि आरोपियों ने अनाज मंडी के व्यापार में रकम लगाने पर मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया था. इसके बाद अलग अलग समय पर बैंक खातों के जरिए 1 करोड़ 43 लाख रुपए लिए गए. रकम देने के बाद जब फरियादी ने मूलधन और मुनाफे की राशि वापस मांगी तो उसे रकम नहीं लौटाई गई. शिकायत मिलने के बाद अपराध शाखा ने संबंधित बैंक खातों में हुए लेन देन की जानकारी जुटाई. आरोपियों से जुड़े मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच के साथ दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया गया.
जांच में प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी का अपराध सामने आने पर गौरव जैन निवासी स्कीम नंबर 114 और आकाश जैन निवासी गुना को गिरफ्तार किया. मामले में डीसीपी क्राइम राजेश त्रिपाठी ने बताया कि निवेश के नाम पर 1.43 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की शिकायत की जांच के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. रकम के लेन-देन और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका को लेकर पूछताछ जारी है.
दोनों के खिलाफ पहले से भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
जांच में गौरव जैन के खिलाफ अलग-अलग थानों में आठ और आकाश जैन के खिलाफ दो अपराध पहले से दर्ज होना सामने आया है. दोनों से पूछताछ कर 1.43 करोड़ रुपए के लेन-देन, बैंक खातों और धोखाधड़ी में अन्य लोगों की भूमिका के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
