भैसोदामंडी में 16 लाख की एमडी और डोडाचूरा जब्त

भानपुरा। नशा मुक्ति अभियान के तहत पुलिस चौकी भैसोदामंडी ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 160 ग्राम एमडी, जिसकी कीमत करीब 16 लाख रुपए, तथा 6 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा, कीमत करीब 13 हजार रुपए बरामद किया। मौके से बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर भैसोदामंडी पुलिस ने चेकपोस्ट के आगे आम रोड पर घेराबंदी कर सुरेंद्र सिंह (23), निवासी ग्राम सरवर, थाना उन्हैल नागेश्वर, जिला झालावाड़ (राजस्थान) को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से एमडी और डोडाचूरा बरामद हुआ। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 22 एवं 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने मादक पदार्थ उपलब्ध कराने वाले संजीव कुमार (28), निवासी जेताखेड़ी, थाना गंगधार, राजस्थान को भी गिरफ्तार किया। पुलिस दोनों आरोपियों से मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ रामसनेही मिश्रा एवं एसडीओपी विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भानपुरा उपनिरीक्षक विनय बुंदेला तथा चौकी प्रभारी भैसोदामंडी उपनिरीक्षक धर्मेश यादव की टीम ने की।

Next Post

बेकाबू ऑटो पलटा, तीन घायल, मौके से भागा चालक 

Wed Sep 16 , 2026
सीधी। जिले के रामपुर नैकिन थानांतर्गत आमडांड घटिया में बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ पर पलट गया। इस हादसे में ऑटो में सवार दो महिलाएं और एक बच्चा घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस […]

You May Like

मनोरंजन