
इंदौर. शहर के प्रमुख होटलों में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान चलाते हुए पांच बड़े होटलों में औचक निरीक्षण किया.
टीम ने रसोईघर, खाद्य भंडारण, स्वच्छता, लेबलिंग, खाद्य संचालकों की चिकित्सकीय जांच, पहले आने वाली सामग्री को पहले उपयोग करने की व्यवस्था सहित अन्य मानकों की जांच की. इस दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए और कई कमियां सामने आईं. अभियान के तहत मैरियट होटल, द पार्क होटल, रेडिसन ब्लू विजय नगर, रेडिसन रेड स्कीम नंबर 54 और होटल ग्रैंड शेरेटन में कार्रवाई की गई.
मैरियट होटल में जलभराव और जंग लगी ट्रे
श्री बालाजी लैंडमार्क होटल प्राइवेट लिमिटेड यानी मैरियट होटल से पनीर, मूंगफली और शक्कर बूरा के तीन नमूने लिए गए. निरीक्षण में रसोईघर और आसपास जलभराव व फिसलन, पर्याप्त फिसलनरोधी रबर चटाइयों का अभाव, पुराने व अस्वच्छ काटने वाले तख्ते, कूड़ेदानों के पैडल में खराबी और कुछ भंडारण ट्रे में जंग मिली. जल निकासी व्यवस्था ठीक नहीं थी और कुछ स्थानों पर छत से पानी का रिसाव भी पाया गया. पेयजल की कीटनाशक जांच रिपोर्ट में कमी मिली. होटल की जांच रिपोर्ट फोसकॉस पोर्टल पर अपलोड नहीं थी और कुछ पैक खाद्य पदार्थों पर अलग से चिपकाए जाने वाले लेबल पाए गए.
द पार्क होटल में भी कमियां
द पार्क होटल के एक रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा लाइसेंस उचित स्थान पर प्रदर्शित नहीं मिला. रसोईघर के प्लेटफॉर्म पर जंग, बर्तनों की अपर्याप्त सफाई और कुछ दरवाजों में स्वचालित बंद होने की व्यवस्था नहीं मिली. दूध उत्पादों के भंडारण क्षेत्र में तापमान का उल्लेख नहीं था. खाद्य सामग्री के बिल व्यवस्थित नहीं थे और चिकित्सकीय अभिलेखों में आंखों व शारीरिक जांच का उचित उल्लेख नहीं मिला.
रेडिसन ब्लू और रेडिसन रेड में लेबलिंग व भंडारण की खामियां
रेडिसन ब्लू विजय नगर में कुछ आयातित खाद्य उत्पादों पर आयातक का नाम, पता और खाद्य सुरक्षा लाइसेंस या पंजीयन संबंधी जानकारी नहीं मिली. कुलचा ब्रेड और शाही जीरा के पैकेट में भी लेबल संबंधी कमियां थीं. खाद्य सामग्री का भंडारण निर्धारित क्रम के अनुसार नहीं था और खाद्य संचालकों के चिकित्सकीय अभिलेख उपलब्ध नहीं मिले. रेडिसन रेड में पैक खाद्य उत्पादों की लेबलिंग और भंडारण में कमियां मिलीं. यहां से दही, काजू टुकड़ी और मूंगफली के नमूने लिए गए. चिकित्सकीय प्रमाण-पत्र भी निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध नहीं थे.
ग्रैंड शेरेटन में खराब सूरजमुखी के बीज नष्ट
ग्रैंड शेरेटन से पनीर, सूरजमुखी के बीज और किशमिश के नमूने लिए गए. खराब मिले सूरजमुखी के बीज मौके पर ही नष्ट कराए गए. पानी की कीटनाशक जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली. टीम ने गैर-छिद्रयुक्त काटने वाले तख्ते और रसोईघर में फिसलनरोधी चटाइयां लगाने के निर्देश दिए. कुछ कच्ची खाद्य सामग्री पर भी अलग से चिपकाए जाने वाले लेबल मिले.
नोटिस की प्रक्रिया शुरू
खाद्य विभाग ने सभी कमियों को लेकर संबंधित होटल प्रबंधनों को सुधार के निर्देश दिए हैं और नियमों के तहत नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग के अधिकारी मनीष स्वामी ने कहा कि खाद्य गुणवत्ता, स्वच्छता और उपभोक्ता स्वास्थ्य से जुड़े मानकों में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। होटल, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा.
