
शिवपुरी। शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र के कमलागंज स्थित घोसीपुरा में बेकाबू ट्रैक्टर-ट्रॉली बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर के बाद खंभा सड़क की ओर आधा झुक गया। बिजली के तारों में करंट चालू था। इससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। हादसे में किसी को चोट नहीं आई।करौंदी निवासी गोकुल प्रजापति ट्रैक्टर चला रहा था। ट्रैक्टर ग्वालियर बाईपास निवासी धर्मेंद्र कुशवाह का है। अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर बिजली के पोल से जा भिड़ी। टक्कर के बाद बिजली का पोल सड़क की ओर खतरनाक स्थिति में झुक गया। तारों में करंट होने के कारण आसपास के लोगों को किसी बड़े हादसे की आशंका हुई। लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने पोल और तारों की स्थिति देखी और जरूरी सावधानी बरती। विभाग की टीम ने जल्द कार्रवाई कर स्थिति को संभाल लिया। बिजली विभाग के कर्मचारियों और ट्रैक्टर मालिक के बीच बातचीत के बाद मामला सुलझा लिया गया है। ट्रैक्टर मालिक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए टूटे और झुके बिजली के पोल को अपने खर्चे पर ठीक कराने का भरोसा दिया है।
