
भानपुरा। नगर में बुधवार शाम एक युवक पर चार नकाबपोश हमलावरों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमलावर चार पहिया वाहन से आए थे और उन्होंने मोटरसाइकिल सवार युवक को गिराकर लाठी-डंडों से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद शासकीय चिकित्सालय भानपुरा से जिला चिकित्सालय मंदसौर रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार बुधवार 2 सितंबर की शाम करीब 6 बजे तिजोरी कॉलोनी निवासी 36 वर्षीय विष्णु पुत्र स्वर्गीय सुभाष उपाध्याय अपने घर से बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। इस दौरान जनपद कार्यालय एवं बीएसएनएल टावर के समीप चार पहिया वाहन में आए चार नकाबपोश व्यक्तियों ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद आरोपियों ने विष्णु उपाध्याय पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
घायल विष्णु उपाध्याय ने जिला चिकित्सालय मंदसौर से दूरभाष पर बताया कि हमलावरों ने अचानक रास्ता रोककर उन पर हमला किया। उन्होंने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के नामों की जानकारी होने की बात भी कही है। घायल ने अपने पास रखी नकदी एवं सोने की चेन लूटे जाने की आशंका भी व्यक्त की है। हालांकि हमलावरों के नकाबपोश होने के कारण उनकी स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी है और घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल विष्णु उपाध्याय को तत्काल शासकीय चिकित्सालय भानपुरा पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय मंदसौर रेफर कर दिया गया।
धारदार हथियार के निशान नहीं मिले
शासकीय चिकित्सालय भानपुरा के चिकित्सक डॉ. महेश गायरी ने बताया कि घायल के शरीर पर किसी धारदार हथियार से चोट के निशान नहीं पाए गए हैं, हालांकि शरीर में अंदरूनी चोटें होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय मंदसौर भेजा गया है।
लेन-देन का विवाद भी जांच के घेरे में
मामले की जांच कर रहे भानपुरा थाना के उपनिरीक्षक बापू सिंह बामनिया ने बताया कि विष्णु उपाध्याय के साथ मारपीट की घटना हुई है। प्रारंभिक जानकारी में मामला रुपये के लेन-देन से जुड़ा होने की संभावना सामने आ रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है तथा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
