
रतलाम। तेलंगाना के आदिलाबाद और हैदराबाद में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का बिलपांक पुलिस ने पीछा कर पर्दाफाश किया है। 2 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि आदिलाबाद से चोरी की लाल रंग की वैगनआर फोरलेन के रास्ते राजस्थान की ओर जा रही है। सूचना मिलते ही बिलपांक थाना पुलिस ने फोरलेन पर चेकिंग शुरू कर दी।
काफी देर बाद लाल रंग की वैगनआर पुलिस को आती दिखाई दी। पुलिस ने उपलब्ध संसाधनों से वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने वाहन रुकवा लिया। गाड़ी में चार आरोपी सवार थे। वाहन रुकते ही दो आरोपी गेट खोलकर खेतों की ओर भाग निकले। पुलिस ने दोनों का पीछा किया और करीब 6 किलोमीटर तक खेतों में सर्चिंग के बाद दोनों को पकड़ लिया। इस तरह कार में सवार चारों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सुजुकी वैगनआर कार, सब्बल और नकदी जब्त की है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों, चोरी के माल और गिरोह से जुड़े लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी बिलपांक मोहम्मद अय्यूब खान, उपनिरीक्षक किशनलाल रजक, प्रधान आरक्षक राहुल जाट, तेजसिंह जगावत, नरेन्द्रसिंह चावड़ा, ईश्वरसिंह राठौर, अशोक मईडा, आरक्षक रोशन राठौर, रोहित चौहान, निलेश अवस्थी, श्यामदयाल राठौर और विनोद सिंगार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पूछताछ में तेलंगाना की कई चोरियां कबूलीं
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने थाना आदिलाबाद, जिला आदिलाबाद, तेलंगाना तथा भिमिनी और हैदराबाद क्षेत्र में कई स्थानों पर चोरी करना स्वीकार किया है। बिलपांक पुलिस ने संबंधित थानों को सूचना दे दी है। तेलंगाना पुलिस की टीम आरोपियों से पूछताछ के लिए रतलाम रवाना हो चुकी है।
राजस्थान के चार आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में घनश्याम पिता बगदाराम कुमावत (44) निवासी बांजापुरी, तहसील जैतारण, जिला पाली, राजस्थान; लक्ष्मण राम पिता छगनाराम कुमावत (45) निवासी सोजत, जिला पाली; बोन्डाराम पिता करनाराम कुमावत (38) निवासी जैतारण, जिला पाली और मानिकचंद पिता बुधराम कुमावत (35) निवासी बिरोल, तहसील जैतारण, जिला पाली शामिल हैं।
