सीहोर। शहर के विकास को नई गति देने की दिशा में नपा परिषद द्वारा बुधवार को एक महत्वपूर्ण विकास कार्य का भूमिपूजन किया गया. भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा और नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर सहित क्षेत्रवासियों ने भोपाल नाके से लेकर टाउन हॉल तक 2.25 करोड़ रुपये की लागत से नाला निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का भूमिपूजन किया.
इस महत्वपूर्ण कार्य के पूरा होने से क्षेत्र में जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान होने के साथ ही मुख्य मार्ग का स्वरूप भी आकर्षक व व्यवस्थित होगा.
भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने कहा कि सीहोर शहर लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है. नगर पालिका द्वारा शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है. भोपाल नाके से टाउन हॉल तक होने वाला नाला निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सौगात है. उन्होंने कहा कि इस कार्य से नागरिकों को सुविधा मिलने के साथ-साथ क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को भी नई दिशा मिलेगी. नपा द्वारा विकास कार्यों को धरातल पर उतारने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
नपाध्यक्ष श्री राठौर ने कहा कि नपा परिषद शहर के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है. हमारा प्रयास है कि शहर में ऐसी मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएं, जिनका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिले. भोपाल नाके से टाउन हॉल तक नाला निर्माण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि 2.25 करोड़ रुपये की लागत से होने वाला यह कार्य नाला निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और व्यवस्थित विकास को भी ध्यान में रखते हुए कराया जाएगा। इससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी और आसपास के नागरिकों एवं दुकानदारों को भी राहत मिलेगी.
