जबलपुर:खमरिया थाना अंतर्गत उमरिया खमरिया मेन रोड पर दक्ष होटल के सामने एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार लोडिंग पिकअप ने पैदल चल रहे पति-पत्नी को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक अपनी गाड़ी को मौके पर ही छोडक़र फरार हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उमरिया खमरिया निवासी नितेश अली उर्फ सोनू ने थाने पहुंचकर सूचना दी कि उसका ममेरा भाई अनूप उर्फ अंकित धान (27) और भाई की पत्नी निर्जला चौधरी उर्फ महिमा (22) दोनों निवासी दक्ष होटल के पीछे, उमरिया पैन्टीकोस्टल चर्च खमरिया से प्रार्थना कर साइकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही दंपत्ति उमरिया खमरिया मेन रोड पर दक्ष होटल के सामने पहुंचे, वे साइकिल से उतरकर पैदल चलने लगे। इसी दौरान कुण्डम की तरफ से आ रहे लोडिंग वाहन पिकअप क्रमांक एमपी 20 जीबी 5257 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए दोनों को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दंपत्ति सडक़ पर दूर जा गिरे और उनकी साइकिल के परखच्चे उड़ गए।हादसे में निर्जला चौधरी अत्यधिक खून बहने के कारण वह मौके पर ही बेहोश हो गई। वहीं, अंकित को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों को तत्काल शासकीय सिविल अस्पताल, रांझी पहुंचाया गया यहाँ ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद निर्जला चौधरी उर्फ महिमा को मृत घोषित कर दिया। घायल अंकित धान का इलाज अस्पताल में जारी है।
दुर्घटना के बाद आरोपी चालक अपनी पिकअप गाड़ी को दक्ष होटल के सामने ही छोडक़र अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक के खिलाफ तेजी व लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी चालक की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
लोडिंग ऑटो ने कुचला, एक की मौत, दूसरा घायल
पाटन थाना अंतर्गत गाड़ाघाट पर एक तेज रफ्तार लोडिंग ऑटो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चालक की मौत हो गई । जबकि पीछे बैठा बालक घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक गाड़ाघाट टपरिया निवासी नवल मल्लाह सिंह अपने छोटे भाई राहुल मल्लाह के साथ बाइक पर सवार होकर आ रहे थे। टपरिया मोड़ के पास खेत के सामने पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित लोडिंग ऑटो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। नवल मल्लाह की मौत हो गई। 15 वर्षीय राहुल घायल है
