
सागर। मध्य प्रदेश के सागर नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने नगर निगम के कार्यों में लापरवाही एवं वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए दो कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं।
निगमायुक्त श्री खत्री ने उद्यान विभाग के कार्यों में बार-बार दिए गए निर्देशों की अवहेलना कर लापरवाही बरतने पर कर्मचारी स्वदेश सराफ तथा डेयरी विस्थापन परियोजना एवं आवारा जानवरों को पकड़ने से संबंधित कार्यों में लापरवाही बरतने पर कर्मचारी अशरफ बेग को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है।
निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि नगर निगम के प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी का दायित्व है कि वह अपने निर्धारित कार्यों का पूरी जिम्मेदारी, समयबद्धता और गंभीरता के साथ निर्वहन करे। जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा निर्देशों की अनदेखी को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के विकास, स्वच्छता, उद्यानों के रखरखाव, डेयरी विस्थापन, आवारा पशुओं को पकड़ने सहित विभिन्न जनहितकारी कार्यों को प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। ऐसे में संबंधिछ कर्मचारियों द्वारा अपने दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता बरतने से कार्य प्रभावित होता है और नागरिकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
निगमायुक्त ने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं समयबद्धता के साथ पालन करें तथा वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा शासकीय दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
