
दमोह। शादी कराने के नाम पर लाखों की ठगी करने का मामला सामने आया है।दिनेश पिता रामकौशल विश्वकर्मा, उम्र 38 वर्ष, निवासी बांसा तारखेड़ा की रिपोर्ट पर पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध किया है।रिपोर्ट के अनुसार गांव के नर्मदा पटेल ने नीरज उर्फ धीरज पटेल व मालती पटेल, दोनों निवासी ग्राम कनेरा, थाना जैसीनगर, जिला सागर से मुलाकात करवाई। इसके बाद खुशबू राजपूत, निवासी रांझी, जबलपुर से 20 अप्रैल 2026 को रणगिर मंदिर में शादी करवाई गई।शादी कराने के एवज में दिनेश विश्वकर्मा ने 1,70,000/- रुपये नगद और 2,40,000 रुपये के जेवर खुशबू राजपूत को दिए थे। कुल 4,10,000 रुपये दिए गए।आरोप है कि 23 अप्रैल 2026 को मालती पटेल दुल्हन खुशबू राजपूत की बड़ी बहन बनकर बांसा तारखेड़ा आई। कुछ दिन बाद वापस भेजने का कहकर वह दुल्हन को अपने साथ जबलपुर ले गई।
इसके बाद से दुल्हन खुशबू राजपूत ने प्रार्थी दिनेश विश्वकर्मा से कोई संपर्क नहीं किया।प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने नर्मदा पटेल, नीरज उर्फ धीरज पटेल, मालती पटेल व खुशबू राजपूत के खिलाफ शादी के नाम पर धोखाधड़ी करने के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।शादी के नाम पर धोखाधड़ी कर लाखों रुपये ठगने वाले गैंग के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि भापुसे के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदोरिया के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक एचआर पांडे के नेतृत्व में विवेचना के दौरान पुलिस ने कार्रवाई की। 28 अगस्त को नर्मदा पटेल, निवासी बांसा तारखेड़ा और मालती पटेल, निवासी कनेरा को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी मालती पटेल ने बताया कि उसने अपने पति नीरज उर्फ धीरज पटेल के साथ मिलकर शादी के नाम पर धोखाधड़ी कर पैसे कमाने का काम किया था। जांच में सामने आया कि नीरज उर्फ धीरज पटेल द्वारा अमानगंज, पन्ना में भी लुटेरी दुल्हन से संबंधित अन्य अपराध किया गया था। वह वर्तमान में पन्ना जेल में बंद है।आरोपी मालती पटेल के मोबाइल की तलाशी में कई लड़कियों के कूट रचित आधार कार्ड भी बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपी नर्मदा पटेल और मालती पटेल को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल दमोह भेज दिया गया।
31 अगस्त को इस मामले की मुख्य आरोपी लुटेरी दुल्हन खुशबू राजपूत, निवासी रांझी, जबलपुर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि घटना के बाद खुशबू राजपूत ने कोटा, राजस्थान में भी दूसरी शादी कर ली थी।आरोपी खुशबू राजपूत को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में विशेष रूप से थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय, सब इंस्पेक्टर विक्रम दांगी,प्रधान आरक्षक रामकुमार, अखिलेश छारी,योगेंद्र, मनीष, महिला आरक्षक रचना विश्वकर्मा, महिला सैनिक गीता पटेल, सैनिक महफूज का विशेष योगदान रहा।
