सेंट्रल नोएडा (वार्ता) उत्तर प्रदेश में सेंट्रल नोएडा जोन के फेस तृतीय थाना क्षेत्र में एक पांच वर्षीय मासूम की मौत का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। डॉयल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने अपने पांच साल के पुत्र को मुक्का मारकर घायल कर दिया है। सूचना मिलते ही फेस तृतीय थाना पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई।
पुलिस इस बात की जानकारी रविवार को दी और बताया कि,29 अगस्त को डॉयल-112 के जरिए सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति ने अपने पांच वर्षीय बेटे के साथ मारपीट की है और मुक्का लगने से बच्चा घायल हो गया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
मौके पर पुलिस ने परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। बालक की माता ने पुलिस को बताया कि उसके पति विकास पुत्र जय बेसन, जो मूल रूप से बड़ा बम्हौरा, जिला शाहजहांपुर के रहने वाले हैं, ने उनके पांच वर्षीय पुत्र को मुक्का मार दिया था। मारपीट के बाद बच्चे की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उसकी मां उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंची।
हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्चे की जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद फेस तृतीय थाना पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी पिता विकास को हिरासत में ले लिया है। फेस तृतीय थाना पुलिस द्वारा मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि किन परिस्थितियों में बच्चे के साथ मारपीट हुई और उसकी मौत कैसे हुई।
पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मासूम की मौत के बाद घटना को लेकर इलाके में भी चर्चा का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
