इंदौर: बहन को लेने देवास के उदयनगर जा रहे 17 वर्षीय किशोर की सिमरोल थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई. घोसीखेड़ा के पास सामने से आए तेज रफ्तार आयशर ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी. हादसे के बाद चालक वाहन समेत भाग निकला. गंभीर घायल किशोर को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
शिवा पिता प्यारसिंह अहिर उम्र 17 साल, निवासी नयागांव ठेकेदार, मोटरसाइकिल से अपनी बहन को लेने उदयनगर जा रहा था. वह तिंछा रोड पर ग्राम घोसीखेड़ा स्थित कनाड़ नदी पुलिया के पास पहुंचा था, तभी सामने से आए आयशर वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि शिवा सड़क पर जा गिरा. उसके सिर, दाहिनी कोहनी और दाहिने घुटने में गंभीर चोट आई.
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे संभाला और 108 एंबुलेंस की मदद से महू के मध्य भारत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई. इधर, हादसे के बाद आयशर चालक मौके पर नहीं रुका. वह वाहन समेत फरार हो गया. सूचना मिलने पर सिमरोल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और अज्ञात आयशर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया. अब पुलिस की जांच का फोकस टक्कर मारने वाले आयशर और उसके चालक की पहचान पर है. पुलिस ने हादसे वाले मार्ग और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है. हादसे के समय सड़क से गुजर रहे अन्य वाहनों के फुटेज से भी फरार आयशर का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.
