इंदौर:रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और सर्वधर्म समभाव का भी संदेश देता है. जाति, धर्म और मजहब की सीमाओं से परे प्रेम और अपनत्व की भावना को मजबूत करने का संदेश देते हुए विभिन्न धर्मों के लोगों ने सामूहिक रूप से रक्षाबंधन पर्व मनाया.खेतान सेवा समिति द्वारा गुलमर्ग परिसर में आयोजित सर्वधर्म रक्षाबंधन कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों को मानने वाले भाई-बहनों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि त्योहार हमारी संस्कृति और आपसी प्रेम की ऐसी डोर हैं, जो समाज को एक-दूसरे से जोड़ती है.कार्यक्रम में सेंट जोसेफ सेविका संस्था की सिस्टर रोहन्नी ने शफी मोहम्मद शेख की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत किया. वहीं ब्रह्म समाज के उज्ज्वल बोरकर को उनकी क्रिश्चियन बहन सिस्टर मरियम हर वर्ष राखी बांधती हैं. दोनों परिवारों के बीच वर्षों से चला आ रहा यह आत्मीय रिश्ता सामाजिक सौहार्द की मिसाल बन चुका है.खातीपुरा रोड निवासी अपूर्व लोखंडे को पंजाबी समाज की कृतिका ने राखी बांधी.
वहीं खजराना निवासी हाई स्कूल की प्राचार्य रेहाना खान ने संजय लोखंडे को राखी बांधी. रेहाना खान ने कहा कि वे कई वर्षों से इस रिश्ते को पूरी ईमानदारी और आत्मीयता के साथ निभा रही हैं. उन्होंने कहा प्यार और अपनापन किसी जाति या धर्म के मोहताज नहीं होते. संजय भाई मेरे लिए सगे भाई से कम नहीं हैं.इसी क्रम में प्रणिता दीक्षित ने फादर पायस को राखी बांधी. कार्यक्रम में भाई-बहन के इन आत्मीय रिश्तों ने सामाजिक एकता और सांप्रदायिक सद्भाव का संदेश दिया.कार्यक्रम के अंत में खेतान सेवा समिति की अध्यक्ष यासमीन खान ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया.
