हाईवा-ईको की भिड़ंत में 7 वर्षीय बच्चे की मौत, मॉ-पिता घायल

सिंगरौली । माड़ा थाना क्षेत्र की बंधौरा चौकी अंतर्गत रैला-बंधौरा मार्ग पर आज शनिवार की दोपहर करीब 1 बजे तेज रफ्तार हाईवा और ईको कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ईको कार में सवार 7 वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता समेत अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

मिली जानकारी के अनुसार रजमिलान निवासी सूर्यांश उम्र 7 वर्ष पिता मनप्रसाद शाह अपने माता-पिता के साथ ईको कार में सवार होकर जा रहा था। इसी दौरान रैला-बंधौरा मार्ग पर सामने से आ रहे हाईवा वाहन क्रमांक यूपी 64 बीटी 5077 से कार वाहन क्रमांक एमपी 66 जेडबी 8645 की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सूर्यांश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में उसके माता-पिता समेत तीन-चार अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही बंधौरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की। माड़ा थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना में 7 वर्षीय सूर्यांश की मौत हुई है, जबकि उसके माता-पिता का उपचार कराया जा रहा है।

हाईवा में तोड़फोड़, किया चक्काजाम

सड़क हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित भीड़ ने हाईवा में तोड़फोड़ करते हुए पथराव कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख हाईवा चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद लोगों ने रैला-बंधौरा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब 8 घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने हाईवा को अपने कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटना को लेकर पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इनका कहना

हाईवा वाहन की टक्कर से कार में सवार एक बालक की मौत हो गई। वाहन चालक की तलाश जारी है। लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।

्रशिवपूजन मिश्रा

निरीक्षक-थाना प्रभारी, माड़ा

Next Post

युवक का अपहरण कर बेरहमी से मारपीट  

Sat Aug 29 , 2026
सिंगरौली । कोतवाली क्षेत्र बैढ़न के देवरा गांव में 19 वर्षीय युवक के कथित अपहरण, मारपीट और जातिसूचक अपमान का मामला सामने आया है। पीड़ित अमन साकेत की शिकायत पर बैढ़न थाना पुलिस ने देवरा निवासी तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। मामले में अनुसूचित […]

You May Like