श्योपुर:श्योपुर में कराहल थाने के हेड कॉन्स्टेबल विजय जादौन तीन दिन से लापता हैं। वे ड्यूटी के लिए निकले, लेकिन थाने नहीं पहुंचे। सहकर्मियों ने कॉल किया तो मोबाइल फोन बंद आया। पुलिस उनकी तलाश में लगी है। विजय की मां राजेश्वरी जादौन ने थाना प्रभारी यासमीन खान पर बेटे को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि टीआई की वजह से उनका बेटा परेशान था और इसी कारण से वह लापता हुआ होगा।
पुलिस के मुताबिक लापता विजय जादौन की बुलेट शाम को कराहल टोल प्लाजा के आगे सड़क किनारे मिली। बाइक में चाबी लगी हुई थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी यासमीन खान, स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचीं। आसपास के इलाके में सघन तलाशी अभियान भी चलाया। पुलिस ने विजय जादौन के दोस्तों, परिचितों और सहकर्मियों से पूछताछ भी की है। उनके परिजन भी रिश्तेदारों और हर संभावित जगह पर उन्हें ढूंढ रहे हैं। पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल बोले हैं कि विजय जादौन की तलाश के लिए जिलेभर की पुलिस को अलर्ट किया गया है। हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
