काठमांडू। नेपाल में ग्लेशियर टूटने के बाद आई भीषण फ्लैश फ्लड से हुई तबाही के चौथे दिन भी राहत और बचाव अभियान जारी है। बाढ़ के साथ आए मलबे और कीचड़ के तेज बहाव ने कई इलाकों में सड़कें, पुल, इमारतें और दूसरे जरूरी ढांचे तबाह कर दिए हैं। कई गांव और बस्तियां मलबे में तब्दील हो गई हैं।
नेपाल की आपदा एजेंसी के मुताबिक, इस आपदा में अब तक 626 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2,426 लोग अभी भी लापता हैं। हजारों लोग प्रभावित हुए हैं और बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
बचाव दल मलबे में फंसे लोगों और लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। हेलिकॉप्टरों के जरिए भी राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है, हालांकि खराब मौसम और दुर्गम पहाड़ी इलाकों के कारण अभियान में चुनौतियां बनी हुई हैं। कुछ क्षेत्रों में आगे भी बाढ़ का खतरा बना हुआ है।
नेपाल में अब फोकस सिर्फ राहत-बचाव पर नहीं, बल्कि तबाह इलाकों तक जरूरी सामान पहुंचाने और क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे को बहाल करने पर भी है।
