
रीवा, पिछले 10 दिनों से समूचे विंध्य में बादल मेहरबान है, रूक-रूक कर लगातार बारिश हो रही है. रक्षा बंधन के दिन शुक्रवार को सुबह से रिमझिम बारिश शुरू है, शाम तक बारिश जारी रही. जलभराव से राहत मिलने के साथ धान की फसल के लिये अमृत बूंद है. वर्षा को लेकर जो किसान चिंतित थे वह भी अपनी फसल को लेकर अब राहत के सांस ले रहे है. जिले में अब तक 501 मिली मीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है. जबकि गत वर्ष इस अवधि में 731.6 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई थी. त्योंथर तहसील में बहुत कम वर्षा इस बार हुई है, जबकि गुढ़ और हुजूर तहसील में सबसे ज्यादा वर्षा दर्ज की गई है.
अच्छी बात यह है कि बाणसागर का डैम लबालब हो चुका है जिससे सिंचाई और पीने के लिये पानी मिलता है, तीन गेट भी खोले जा चुके है. जिले की सामान्य औसत वर्षा 1044.6 मिली मीटर है. रीवा में सिंचाई का मुख्य स्त्रोत बाणसागर बांध है जो की भर चुका है. अब रवी की फसलों के लिये पानी की चिंता नही है. दिन भर हुई बूंदाबांदी से मौसम में ठंडक रही फिर भी तापमान अधिकतम 27 डिग्री रहा. जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री आका गया है.
