दिग्विजय ने की शिक्षकों की भर्ती जल्द पूरी करने की मांग

भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मध्यप्रदेश शिक्षक भर्ती परीक्षा-2025 के तहत वर्ग-2 एवं वर्ग-3 में पदों की संख्या बढ़ाकर 50 हजार शिक्षकों की भर्ती जल्द पूरी करने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर वर्ग-2 में 14,200 और वर्ग-3 में 11,911 अतिरिक्त पद बढ़ाने की मांग की है। इससे दोनों वर्गों में 25-25 हजार पदों पर भर्ती का रास्ता साफ होगा।

दिग्विजय सिंह ने चेतावनी दी है कि यदि शिक्षक दिवस, 5 सितंबर तक सरकार ने मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो वे अभ्यर्थियों के समर्थन में उसी दिन से 24 घंटे का उपवास करेंगे।

उन्होंने 26 अगस्त को भोपाल के नीलम पार्क में आंदोलनरत शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों से मुलाकात की थी। सैकड़ों अभ्यर्थी 21 अगस्त से रिक्त पद बढ़ाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर हैं।

सिंह के अनुसार स्कूल शिक्षा और जनजातीय कार्य विभागों में वर्ग-2 के 88,280 और वर्ग-3 के 1,10,251 पद रिक्त हैं, जबकि वर्तमान भर्ती में क्रमशः केवल 10,800 और 13,089 पद शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सीमित पदों के कारण 99.8 पर्सेंटाइल तक अंक हासिल करने वाले अभ्यर्थी भी नियुक्ति से वंचित रह रहे हैं। उन्होंने पात्र अभ्यर्थियों के लिए दूसरे चरण की काउंसलिंग कराने की मांग भी की।

सिंह ने कैग रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश के 1,895 सरकारी स्कूल शिक्षकविहीन हैं, जो शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

Next Post

बारिश में भयप्रद भवन के जर्जर हिस्से को नगर निगम ने गिराया

Thu Aug 27 , 2026
रीवा, शहर में बारिश एवं अतिवृष्टि को दृष्टिगत रखते हुए जनसुरक्षा के लिए जर्जर एवं भयप्रद भवनों का निरीक्षण एवं उन्हें सुरक्षित तरीके से गिराने की कार्रवाई नगर निगम द्वारा की जा रही है. गुरुवार को वार्ड क्रमांक 36 स्थित स्वर्गीय केशरी प्रसाद पाण्डेय ‘बेधडक़ हाउस’ का नगर निगम रीवा […]

You May Like