अमेरिका के नये प्रतिबंधों से लड़ने के लिए तैयार : ईरान

तेहरान, 25 अगस्त (वार्ता) ईरान ने मंगलवार को कहा कि वह अमेरिका की ओर से लगाये गये नये व्यापक प्रतिबंधों का सामना करने के लिए तैयार है और इनका आर्थिक प्रभाव संभालने के लिए दो साल की योजना तैयार की गयी है।

ईरान के वित्त मंत्री अली मदनीजादेह ने सरकारी टेलीविजन से कहा कि सरकार ने अमेरिकी कदमों का पहले से अनुमान लगाया था और उनसे निपटने के लिए दो वर्ष की योजना तैयार है। उन्होंने कहा कि ईरान के पास अपने साधन हैं और वह मौजूदा परिस्थितियों से निपटना जानता है।

उनकी यह टिप्पणी अमेरिका की ओर से ईरान पर नए आर्थिक दबाव की घोषणा के बाद आयी है। अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने ‘ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट’ की घोषणा करते हुए ईरान को वैश्विक वित्तीय नेटवर्क से अलग करने, उसके तेल से होने वाली आय को सीमित करने और कई प्रमुख क्षेत्रों पर प्रतिबंध लगाने की बात कही।

अमेरिकी वित्त मंत्रालय के अनुसार, नयी कार्रवाई में डिजिटल परिसंपत्ति, प्रौद्योगिकी, सोना, विमानन और जहाजरानी क्षेत्र शामिल हैं। इसके तहत करीब 60 व्यक्तियों, संस्थाओं और जहाजों पर भी प्रतिबंध लगाये गये हैं।

श्री बेसेंट ने कहा कि अमेरिका ईरान के वित्तीय संपर्कों को निशाना बनाएगा और उसके तेल कारोबार तथा प्रतिबंधों से बचने के लिए इस्तेमाल किये जा रहे वित्तीय नेटवर्क को रोकने की कोशिश करेगा। उन्होंने ईरान के साथ कारोबार जारी रखने वाले देशों और कंपनियों को डॉलर आधारित वित्तीय प्रणाली से बाहर किये जाने की चेतावनी भी दी

उन्होंने कहा कि ईरान के सामने अब दो रास्ते हैं,’पूर्ण वैश्विक अलगाव’ या सामान्य स्थिति की ओर लौटकर वैश्विक अर्थव्यवस्था में दोबारा शामिल होने का अवसर। श्री बेसेंट ने यह स्पष्ट नहीं किया कि किन देशों पर कार्रवाई की जाएगी या नये उपाय कब से प्रभावी होंगे। उन्होंने कहा कि संबंधित सरकारों को अनुपालन के लिए समय दिया जाएगा और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप विभिन्न देशों के नेताओं से ईरान के साथ कारोबार खत्म करने के लिए विशेष अनुरोध करेंगे।

ईरान ने कहा है कि उसके प्रमुख व्यापारिक साझेदार अमेरिकी दबाव को स्वीकार नहीं करेंगे। मदनीजादेह के अनुसार चीन और रूस ने अमेरिकी उपायों को स्वीकार नहीं किया है। चीनी पक्ष ने भी कहा है कि प्रतिबंध और दबाव विवादों का समाधान नहीं कर सकते तथा वह अपने हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।

इस बीच, ईरान और अमेरिका के बीच संघर्ष का असर वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर भी पड़ा है। ईरान ने चेतावनी दी है कि युद्ध जारी रहने पर वह क्षेत्र से तेल निर्यात रोक सकता है। उसने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से बिना अनुमति गुजरने वाले जहाजों को लेकर भी चेतावनी जारी की है।

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से सामान्य परिस्थितियों में दुनिया की करीब 20 प्रतिशत तेल और गैस आपूर्ति गुजरती है। संघर्ष के बाद जलमार्ग में यातायात प्रभावित होने से वैश्विक ऊर्जा कीमतों पर दबाव बढ़ा है। अमेरिका में पेट्रोल की कीमत चार डॉलर प्रति गैलन से ऊपर पहुंच गई है, जबकि सोमवार को ब्रेंट कच्चा तेल करीब 92 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

Next Post

हटा दमोह मार्ग पर बाइक और कार की टक्कर,बाइक चालक की मौत,सिविल अस्पताल हटा लाया गया

Tue Aug 25 , 2026
हटा/दमोह। हटा-दमोह मार्ग पर कंजरा के पास दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई.बताया जा रहा कार और बाइक के बीच टक्कर हुई. जिसमें बाइक चालक छत्रपाल सिंह पिता अंतू सिंह लोधी उम्र 23 वर्ष की मौत हो गई।घटना की सूचना पर हटा थाना पुलिस मौके पर […]

You May Like