सेन समाज ने एसपी ऑफिस पर किया प्रदर्शन

ग्वालियर। सेन समाज ने आज जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर सामाजिक प्रतिष्ठा से जुड़े व्यक्तियों, युवाओं, महिलाओं और सैलून व्यवसाय से जुड़े लोगों के खिलाफ सार्वजनिक रूप से जातिसूचक गाली देने और सोशल मीडिया पर अपमानित करने वालों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। समाज का कहना है कि वह शांतिप्रिय, सेवाभावी और संविधान में विश्वास रखने वाला समाज है, लेकिन विगत कुछ समय से लगातार अपमान की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आक्रोश और असुरक्षा की भावना है।सेन समाज ने टिप्पणी का विरोध करते हुए ज्ञापन में चार प्रमुख घटनाओं का उल्लेख किया है। पहली घटना में गौरव बाजपाई और उसके साथी बॉबी दंडोतिया निवासी गांधीनगर पर आरोप है कि उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षक विजय कुमार को सोशल मीडिया पर लक्षित कर जाति के आधार पर “नाई”, “नाऊ” जैसी अमर्यादित टिप्पणी और धमकी देकर उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई।

दूसरी घटना नगर निगम के पार्षद बृजेश श्रीवास से जुड़े डिजिटल सिग्नेज डोंगल चोरी प्रकरण से संबंधित है। शिकायत के अनुसार, इस मामले के मीडिया में आने के बाद दीपक बंटी शर्मा नामक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर “कटिंग की दुकान खोल लो उससे ज्यादा पैसा कमा लेगा” जैसी टिप्पणी कर पार्षद को जाति के आधार पर नीचा दिखाया।

तीसरी घटना दो दिन पूर्व सिद्धेश्वर नगर, मुरार क्षेत्र की है, जहां सेन समाज की महिलाओं के साथ मोहल्ले में अभद्र व्यवहार और जातिसूचक गाली-गलौज की शिकायत सामने आई है। इससे परिवारों में भय का माहौल है।

चौथी घटना में मोतीझील निवासी परमार श्रीवास की पिछले वर्ष दबंगों द्वारा जातिसूचक गाली, मारपीट और आग से जलाकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। परिजनों का कहना है कि कई बार शिकायत और साक्ष्य देने के बाद भी अब तक न्याय नहीं मिला है। सेन समाज ने पुलिस अधीक्षक से अभद्र टिप्पणी करने बालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है

Next Post

तैयार इस्पात की घरेलू खपत अप्रैल-जुलाई में 7.9 प्रतिशत बढ़कर 560 लाख टन हुई

Tue Aug 25 , 2026
नयी दिल्ली, 25 अगस्त (वार्ता) देश में तैयार इस्पात की खपत चालू वित्त वर्ष के पहले चार महीने में 7.9 प्रतिशत बढ़कर 560 लाख टन पर पहुंच गयी, जो मजबूत मांग को दिखाता है। इस्पात मंत्रालय के मंगलवार को जारी आंकड़ों में बताया गया है कि अप्रैल-जुलाई के दौरान तैयार […]

You May Like