
छतरपुर। सटई रोड पन्ना नाके के पास सब्जी की दुकान लगाने वाले विक्रेताओं ने मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचकर नगर पालिका कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। विक्रेताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें दुकान लगाने से रोका जा रहा है और कार्रवाई के दौरान सब्जी व अन्य सामान जब्त कर लिया जाता है। उन्होंने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर दुकानें यथावत लगाने की अनुमति देने की मांग की।
सब्जी विक्रेता लक्ष्मी कुशवाहा ने बताया कि वे पावरहाउस के पास सब्जी की दुकान लगाकर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। उनका आरोप है कि नगर पालिका कर्मचारी दुकान लगाने पर रोक लगाते हैं और कई बार सब्जी उठाकर ले जाते हैं या सड़क पर फेंक देते हैं। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
विक्रेताओं ने कलेक्टर को दिए आवेदन में नगर पालिका की कार्रवाई की जांच कराने और उन्हें परेशान नहीं किए जाने की मांग की। उनका कहना है कि वे लंबे समय से सब्जी बेचकर रोजी-रोटी चला रहे हैं और दुकानें हटने से उनके सामने रोजगार का संकट खड़ा हो जाएगा।
