नयी दिल्ली, (वार्ता) भारी मानसूनी बारिश के कारण सोमवार को दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में जनजीवन ठप हो गया।
कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गयीं, हवाई यातायात प्रभावित हुआ और राजधानी तथा आसपास के शहरों में कई जगह यात्री और वाहन चालक फंस गये।
मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के कुछ हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया और दिनभर और भारी बारिश, गरज के साथ बारिश तथा आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी।
बारिश से उड़ानों का संचालन भी प्रभावित हुआ। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दिल्ली आने वाली 15 उड़ानों का मार्ग बदला गया। इनमें तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों सहित 12 उड़ानों को जयपुर भेजा गया, जबकि दो उड़ानें चंडीगढ़ और एक लखनऊ में उतरी।
दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में 34.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी, जिसे ‘मध्यम’ श्रेणी में रखा गया है। हालांकि, दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में बारिश की मात्रा में काफी अंतर रहा। जनकपुरी में 70 मिलीमीटर और अयानगर में 69.1 मिलीमीटर बारिश हुई। दोनों केंद्रों पर बारिश ‘भारी’ श्रेणी की रही। पालम में 58.2 मिलीमीटर, रिज में 43.2 मिलीमीटर और लोधी रोड में 41.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो मध्यम बारिश की श्रेणी में रही।
आईएमडी की शाम की बुलेटिन के अनुसार, एनसीआर में फरीदाबाद में 58 मिलीमीटर, गुरुग्राम की नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी वेधशाला में 38 मिलीमीटर और गाजियाबाद में 13 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, 15.5 मिलीमीटर तक बारिश को हल्की, 15.6 मिलीमीटर से 64.4 मिलीमीटर तक को मध्यम और 64.5 मिलीमीटर से 115.5 मिलीमीटर तक को भारी बारिश माना जाता है।
भारी बारिश के कारण दिल्ली के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। इनमें मुनिरका, जखीरा अंडरपास, कनॉट प्लेस, दुर्गा विहार, संगम विहार, न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन, बुराड़ी, सीआर पार्क और अलकनंदा शामिल हैं।
कनॉट प्लेस में पार्किंग स्थल पानी में डूब गए और कई कारें घुटनों तक भरे पानी में खड़ी दिखाई दीं। दक्षिण दिल्ली के संगम विहार में स्कूल से लौट रही कुछ छात्राएं पानी से भरी सड़कों में फंसी अपनी वैन को धक्का देती दिखाई दीं। वहीं, कई अन्य लोग जांघ तक भरे पानी से होकर गुजरते नजर आए।
बारिश के कारण पूरे शहर में सड़क यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। प्रमुख सड़कों पर लंबे जाम लगे रहे और पानी से भरी सड़कों पर वाहन बहुत धीमी गति से चलते रहे।
मौसम विभाग चेतावनी दी कि भारी बारिश से यातायात बाधित हो सकता है, दुर्घटनाएं हो सकती हैं, बिजली आपूर्ति बंद हो सकती है और कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंच सकता है। विभाग ने लोगों को तेज बारिश के दौरान जरूरी न होने पर यात्रा से बचने की सलाह दी।
पुरानी दिल्ली में बारिश के दौरान चांदनी महल इलाके में एक जर्जर इमारत का कुछ हिस्सा गिर गया। इससे वहां खड़े तीन से चार दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
गाजियाबाद में लोनी की दिल्ली-सहारनपुर रोड पर पानी भर गया और सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। पानी से भरी सड़क पर एक ऑटो रिक्शा पलट गया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
गुरुग्राम में बारिश का असर और गंभीर रहा। करीब एक घंटे की बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया।
जिला प्रशासन ने कार्यालयों को कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति देने और स्कूलों को ऑनलाइन कक्षाएं चलाने की सलाह दी। शहर में सोमवार दोपहर तक करीब 70 मिलीमीटर बारिश हो चुकी थी।
राजीव चौक, पुरानी दिल्ली रोड, रेलवे रोड, महरौली रोड, बसई रोड और एनएच-48 सहित प्रमुख सड़कों पर भारी जलभराव और यातायात जाम रहा।
कई वाहन चालकों ने पानी से भरी सड़कों पर बंद हुए अपने वाहन छोड़ दिए। वहीं, स्कूली बच्चों ने पानी में डूबी सड़कों और पानी में छिपे खुले मैनहोल से बचने के लिए ऊंचे बस स्टॉप पर शरण ली।
साउथ सिटी-1, सेक्टर 29, सेक्टर 45, सेक्टर 52ए, सोहना रोड, डीएलएफ फेज-3, अर्दी सिटी और नरसिंहपुर में भी जलभराव की सूचना मिली।
मौसम विभाग ने कहा कि सोमवार को गरज के साथ बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। मंगलवार से बारिश की गतिविधि कम होने की संभावना है।
पूर्वानुमान के अनुसार, मंगलवार को आसमान में सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सप्ताह के बाद के दिनों में मौसम के अपेक्षाकृत शुष्क रहने का अनुमान है।
