पटना, (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को ‘भोजपुरी बवाल’ के ग्रैंड फिनाले कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बिहार की धरती पर जियो हॉट स्टार और कलर्स द्वारा ‘भोजपुरी बवाल’ जैसे कार्यक्रम का आयोजन होना हर्ष का विषय है। उन्होंने पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि बिहार बदल चुका है और फिल्म जगत से जुड़े लोगों का बिहार में स्वागत है। सरकार फिल्म निर्माण से जुड़े कलाकारों एवं निर्माताओं को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार वह धरती है, जिसने लगभग 2000 वर्ष पूर्व भारत को स्वर्णिम काल दिया। नालंदा और विक्रमशिला जैसे विश्वविद्यालयों से पूरी दुनिया में ज्ञान की रोशनी पहुंची। उन्होंने कहा कि पाटलिपुत्र की धरती ऐतिहासिक रूप से भारत की सत्ता और संस्कृति का महत्वपूर्ण केंद्र रही है। बिहार की समृद्ध सभ्यता, संस्कृति और विरासत को सकारात्मक रूप में दुनिया के सामने लाने की आवश्यकता है। बिहार में 54 फिल्मों की शूटिंग के लिए सरकार ने सहमति दी है। अभिनेता सुनील शेट्टी ने भी बिहार में अक्टूबर माह से फिल्म की शूटिंग करने की इच्छा व्यक्त की है। भोजपुरी के साथ-साथ अंगिका, मगही, बज्जिका और मैथिली भाषाओं में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करें, सरकार आप सबों को पूरा सहयोग करेगी।
श्री चौधरी ने कहा कि बिहार में ईको टूरिज्म और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। पर्यटन के माध्यम से बिहार के प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक स्थलों और सांस्कृतिक विरासत की सुंदर तस्वीर लोगों के सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि कम्प्यूटर से क्रिएटर और ऑडियंस से इन्वेस्टर की दिशा में आगे बढ़ने की जरूरत है। उन्होंने बिहार के युवाओं की प्रतिभा का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में बिहार के युवा लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हैं। सरकार ने 700 मॉडल स्कूल स्थापित किए हैं, जहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। विद्यार्थियों की पढ़ाई में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर ऑनलाइन माध्यम से भी शिक्षकों की सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।
