
नयी दिल्ली, 24 अगस्त (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्य सभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को शिक्षा और रोजगार के मोर्चे पर मोदी सरकार को विफल बताते हुए आरोप लगाया कि देश के युवा बेरोजगारी, महंगी शिक्षा, परीक्षा में अनियमितताओं और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी जैसे गंभीर संकट से जूझ रहे हैं। श्री खरगे ने एक बयान में नीति आयोग और आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) के हवाले से आंकड़े पेश करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में सरकार के प्रदर्शन को लेकर कई सवाल किये। उन्होंने कहा, ” मोदी सरकार ने शिक्षा से रोजगार तक युवा भारत की पूरी राह को बर्बाद कर दिया है। ”
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नीति आयोग के अनुमान के अनुसार, 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के 8.7 करोड़ भारतीय न तो शिक्षा, न रोजगार और न ही प्रशिक्षण से जुड़े हैं। उन्होंने दावा किया कि इनमें करीब 88 प्रतिशत युवा घरेलू कार्यों में लगे हैं। पीएलएफएस के जुलाई 2026 के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि देश के युवाओं में बेरोजगारी दर 15.6 प्रतिशत है, जबकि युवा महिलाओं में यह दर 19.5 प्रतिशत है। श्री खरगे ने सबसे पहले स्नातकों के लिए रोजगार के अवसरों पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि बड़ी राशि खर्च कर शिक्षा पूरी करने वाले युवाओं को भी रोजगार हासिल करने में कठिनाई हो रही है। उन्होंने सवाल किया, ” स्नातक होने के बाद नौकरियां कहां हैं?”
उन्होंने दावा किया कि 20-29 वर्ष आयु वर्ग के बेरोजगार भारतीयों में स्नातक छात्रों की हिस्सेदारी 67 प्रतिशत है, जबकि 15-25 वर्ष के स्नातकों में बेरोजगारी करीब 40 प्रतिशत है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ” परिवार अपनी बचत खर्च करते हैं, विद्यार्थी शिक्षा ऋण लेते हैं और डिग्री हासिल करते हैं, लेकिन बाद में पता चलता है कि पर्याप्त नौकरियां ही नहीं हैं।” उन्होंने भाजपा के हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने के पुराने वादे पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि यदि यह वादा पूरा हुआ होता तो 12 वर्षों में देश में 24 करोड़ रोजगार सृजित हो जाने चाहिए थे।उन्होंने सवाल किया, ” हर साल दो करोड़ नौकरियां देने के वादे का क्या हुआ?”
श्री खरगे ने आरोप लगाया कि सरकारी क्षेत्र में लाखों रिक्तियां अब भी नहीं भरी गयी हैं और स्थायी रोजगार की जगह संविदा तथा अंशकालिक काम बढ़ता जा रहा है। उन्होंने भारत के जनसांख्यिकीय लाभांश का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि सरकार देश की बड़ी युवा आबादी को आर्थिक ताकत में बदलने के लिए जरूरी परिस्थितियां बनाने में विफल रही है। उन्होंने सवाल किया, “भारत के जनसांख्यिकीय लाभांश को जनसांख्यिकीय संकट में कौन बदल रहा है? ” उन्होंने आरोप लगाया कि महंगी और अपर्याप्त शिक्षा, पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, बढ़ता कौशल अंतर और गुणवत्तापूर्ण रोजगार के अवसरों में कमी ने पूरी पीढ़ी के भविष्य को खतरे में डाल दिया है।
श्री खरगे ने प्रधानमंत्री पर हमला तेज करते हुए उस पुराने दावे का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने पिछली सरकारों की कई दशकों की नाकामियों को दूर करने की बात कही थी। श्री खरगे ने कहा, ” मोदी जी, आपने वादा किया था कि जो पिछली सरकारें 70 वर्षों में नहीं कर सकीं, उसे आप पूरा करेंगे।”
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया, ” आपने निश्चित रूप से उस दावे को पूरा किया है, ऐसी शिक्षा व्यवस्था देकर जो महंगी है, आरएसएस से प्रभावित है, ऐसी परीक्षाएं जिन पर युवा भारतीय भरोसा नहीं कर सकते और ऐसी डिग्रियां, जिनके साथ रोजगार के अवसर लगातार कम होते जा रहे हैं।
