ओमान के विदेश मंत्री जायेंगे ईरान की यात्रा पर

मस्कट, 24 अगस्त (वार्ता) ओमान के विदेश मंत्री सैयद बदर अलबुसैदी मंगलवार को ईरान का दौरा करेंगे। इस दौरान वह ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची के साथ रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रबंधन सहित द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने सोमवार को यह जानकारी दी। दोनों देश, जिनकी सीमाएं इस जलडमरूमध्य से लगती हैं, इस रणनीतिक समुद्री मार्ग को प्रबंधित करने और जलमार्ग से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों के यातायात को नियंत्रित करने वाले समुद्री पारगमन ढांचे को अंतिम रूप देने के लिए हफ्तों से बातचीत कर रहे हैं।

यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब ईरान-ओमान के बीच जलमार्ग में सुरक्षा और समुद्री जहाजों की आवाजाही को लेकर बातचीत जारी है। द्विपक्षीय वार्ता में नये शिपिंग लेन के लिए भौगोलिक निर्देशांकों पर सहमति बन गयी है, हालांकि अंतिम बयान, परिचालन शुल्क और व्यापक सुरक्षा शर्तों पर चर्चा अभी जारी है। बातचीत में मुख्य पेच संभावित ट्रांजिट या सेवा शुल्क, बारूदी सुरंगें हटाने की जिम्मेदारी के अलावा ईरान की सबसे बड़ी मांग है कि अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी समाप्त होने के बाद ही पूर्ण सुरक्षा बहाल की जाए।

वार्ता में जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के लिए संभावित शुल्क और इस जलमार्ग में प्रवेश करने तथा बाहर निकलने वाले जहाजों के लिए विशिष्ट मार्गों के निर्धारण पर भी चर्चा होगी। श्री बघाई ने कहा कि अलबुसैदी अपनी यात्रा के दौरान ईरानी अधिकारियों से मिलेंगे और उन्होंने इस यात्रा को द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने तथा दोनों पड़ोसी देशों के बीच राजनीतिक परामर्श जारी रखने के प्रयासों का हिस्सा बताया। उन्होंने बताया कि इस बातचीत में क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा का मुद्दा भी शामिल रहेगा। श्री बघाई ने स्पष्ट किया कि ओमानी मंत्री की यह यात्रा पाकिस्तान के थल सेनाध्यक्ष की प्रस्तावित तेहरान यात्रा से अलग है, जो ईरान-अमेरिका के बीच मध्यस्थता प्रयासों में लगे हैं।

उन्होंने अन्य देशों को अमेरिका को अपना क्षेत्र या सुविधाएं प्रदान करने के खिलाफ चेतावनी भी दी। इसके अलावा, श्री बघाई ने कहा कि ईरान की विदेश नीति में अब धैर्य के साथ-साथ सोच-समझकर जोखिम लेने की रणनीति का समावेश बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “हम लंबे समय से शतरंज के खिलाड़ी रहे हैं। हाल के वर्षों में हम पोकर के खिलाड़ी भी बन गये हैं और पिछले कुछ समय से हम इन दोनों का एक साथ तालमेल बैठाकर खेल रहे हैं।”

.....

Next Post

ईरान पर नए प्रतिबंध लगाएगा अमेरिका, ट्रंप प्रशासन ने बढ़ाया आर्थिक दबाव

Mon Aug 24 , 2026
वाशिंगटन, 24 अगस्त (वार्ता) अमेरिकी वित्त मंत्रालय सोमवार को ईरान के खिलाफ नए प्रतिबंधों की घोषणा करने जा रहा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन कई महीनों से जारी सैन्य टकराव और वार्ता में गतिरोध के बीच ईरान पर आर्थिक दबाव और बढ़ा रहा है। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट […]

You May Like