जबलपुर:आर्मी वूमेन्स वेलफेयर एसोसिएशन (आवा) ने जबलपुर मिलिट्री स्टेशन स्थित ऑडिटोरियम में अपना 60वां स्थापना दिवस समारोहपूर्वक मनाया। समारोह में 400 से अधिक आवा लाभार्थियों और वीर नारियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में केंद्रीय आर्मी प्राइमरी स्कूल, 1 सिग्नल ट्रेनिंग सेंटर तथा आवा स्कूल के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में आवा आश्रित प्रशिक्षुओं की प्रस्तुतियों के साथ विशेष नाटिका के माध्यम से संस्था की छह दशकों की यात्रा, सेवा और उपलब्धियों को दर्शाया गया।
वीर नारियों और प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहीं जोनल वेलफेयर आवा हरप्रीत कौर बाठू ने वीर नारियों, आवा पुरस्कार विजेताओं तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को सम्मानित किया। उन्होंने उनके साहस, उपलब्धियों और सैन्य परिवार के प्रति योगदान की सराहना की।
समारोह में आवा की छह दशक लंबी यात्रा में न केवल सैन्य परिवारों के कल्याण, शिक्षा, सशक्तिकरण और सामुदायिक सहयोग में निभाई गई भूमिका को रेखांकित किया गया बल्कि सेना समुदाय में सेवा, करुणा, दृढ़ता और एकजुटता की भावना को भी मजबूत किया।
