
छिंदवाड़ा। कुंडीपुरा थाना क्षेत्र के अत्तरवाड़ा बायपास पर रविवार सुबह तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल ले जाने लगी, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान भूरा धुर्वे (22) निवासी अत्तरवाड़ा के बड़वान मोहल्ला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बाइक से जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक बाइक समेत सड़क पर जा गिरा। वहीं, बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही कुंडीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे में शामिल बोलेरो का रजिस्ट्रेशन नंबर डच् 2र्0 1612 बताया जा रहा है।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। बोलेरो की गति कितनी थी और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस दोनों वाहनों की स्थिति और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।