ग्वालियर:शासकीय सिविल अस्पताल बिरला नगर की अव्यवस्थाओं की पोल बारिश ने खोल दी है। अस्पताल के मुख्य गेट पर बरसात के पानी से तालाब जैसी स्थिति बन गई है। यह समस्या आज की नहीं, बल्कि पिछले तीन महीनों से बनी हुई है। थोड़ी सी बारिश में ही अस्पताल परिसर और उसके चारों तरफ घुटनों तक पानी भर जाता है।
जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से अस्पताल आने वाले मरीजों,और स्टाफ को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे हैरान बात यह है कि अस्पताल के बगल में ही सीवर चैंबर और बड़ा नाला मौजूद है, फिर भी पानी की निकासी के लिए अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार नगर निगम को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन वार्ड 16 के अंतर्गत आने वाले इस महत्वपूर्ण अस्पताल की सुध लेने वाला कोई नहीं है। जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और संक्रमण फैलने का खतरा भी मंडरा रहा है। रोजाना आने बाले मरीजों,एवं प्रसूताओं को अस्पताल के अंदर जाने में दिक्कत हो रही है। अस्पताल प्रबंधन ने भी इस संबंध में नगर निगम को अवगत कराया है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
