शराब कंपनी में आपसी विवाद में मैनेजर को मारी गोली, मौत

शिवपुरी: जिले के नरवर कस्बे में शराब कंपनी के मैनेजर की गोली मारकर हत्या करने की खबर मिल रही है। बताया जा रहा है कि मृतक झांसी की रचना राय कंपनी में मैनेजर के रूप में नरवर क्षेत्र में पिछले 2 वर्षों से काम कर रहा था। गोली चलाने वाले आरोपी भी इसी कंपनी के कर्मचारी बताए जा रहे हैं। पुरानी किसी रंजिश को लेकर यह गोलीकांड हुआ है।
हत्यारे ने एक गोली मारी, जो सीधे जाकर मैनेजर पंकज राय को लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सबसे पहले मृतक को घायल अवस्था में नरवर के स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान मैनेजर की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार झांसी की रचना राय कंपनी के नरवर क्षेत्र में शराब की दुकानों के ठेके हैं। इसी कंपनी में डबरा के मूल निवासी पंकज राय, उम्र 29 साल, मैनेजर के रूप में नरवर क्षेत्र में इसी कंपनी में काम कर रहे थे। इस कंपनी का क्षेत्रीय कार्यालय नरवर नगर में लोढ़ी माता के मंदिर के पास है। देर रात लगभग 11:30 बजे पंकज राय अपनी गाड़ी के पास खड़े थे।

पंकज राय के बड़े भाई हर्षित राय ने बताया कि बीते रोज रात में मेरा छोटा भाई पंकज राय ऑफिस के बाहर खड़ी गाड़ी में बैठा था, तभी इसी कंपनी के कर्मचारी बॉबी राय और अंकित ठाकुर आए और पंकज से बातचीत करने लगे। किसी बात पर बहस होने लगी। इतने में ही बॉबी राय ने अंकित ठाकुर को अपनी पिस्टल देते हुए कहा कि गोली मार दे। अंकित ठाकुर ने पंकज को गोली मार दी। गोली बहुत पास से मारी गई थी, इसलिए शरीर में धंस गई। गोली चलने के बाद कंपनी के अन्य लोग भी आ गए और घायल पंकज को नरवर के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पंकज की गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान पंकज की मौत हो गई।

Next Post

कलेक्टर का एक्शन, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और कर्मचारी को हटाने के निर्देश

Thu Aug 20 , 2026
शिवपुरी: करैरा विकासखंड के उप स्वास्थ्य केंद्र थनरा में निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में गंभीर लापरवाही और अव्यवस्था सामने आई। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने उप स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारी कक्ष बंद मिला और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी अनुपस्थित पाई गईं। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र […]

You May Like