नयी दिल्ली, 19 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने हरियाणा के पानीपत स्थित संयुक्त विदेश व्यापार महानिदेशक (डीजीएफटी) कार्यालय में तैनात सहायक डीजीएफटी को रिश्वतखोरी के एक मामले में गिरफ्तार किया है।
सीबीआई ने बुधवार को यहां जारी एक आधिकारिक जानकारी में बताया कि इस संबंध में 19 अगस्त 2026 को आरोपी अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। शिकायतकर्ता का आरोप था कि सहायक डीजीएफटी ने उनके ग्राहक की ‘निर्यात संवर्धन पूंजीगत वस्तु’ (ईपीसीजी) अनुपालन फाइल की कमियों को दूर करने और उसे आगे बढ़ाने के बदले 30,000 रूपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने 19 अगस्त को जाल बिछाया और आरोपी लोक सेवक को शिकायतकर्ता से 30,000 रूपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तार अधिकारी को पंचकूला स्थित मनोनीत विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में जांच जारी है।
