नयी दिल्ली 18 अगस्त (वार्ता) भारत ने स्पष्ट किया है कि वह बंगलादेश के साथ परस्पर समानता के आधार पर सकारात्मक, रचनात्मक और दूरदर्शी संबंध चाहता है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को यहां साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में बंगलादेश से जुड़े सवालों के जवाब में कहा कि भारत पारस्परिक समानता के आधार पर बंगलादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और दूरदर्शी संबंध चाहता है।
बंगलादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की भारत यात्रा से संबंधित सवाल पर उन्होंने कहा कि भारत की ओर से उन्हें द्विपक्षीय यात्रा और ब्रिक्स के आउटरीच सत्र में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
भारत में निर्वासित जीवन जी रही बंगलादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस से जुड़े सवाल पर प्रवक्ता ने कहा कि इस बारे में भारत की स्थिति को दोहराने की आवश्यकता नहीं है। सुश्री हसीना के प्रत्यर्पण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भारत की इस विषय पर निरंतर स्थिति रही है कि इन अनुरोधों की स्थापित प्रक्रियाओं के तहत जांच की जा रही है।
बंगलादेश के भारत से अतिरिक्त डीजल के अनुरोध के बारे में पूछे जाने पर श्री जायसवाल ने कहा कि बंगलादेश के साथ हमारा ऊर्जा सहयोग निरंतर रहा है और भारत अपनी जरूरतों , अपनी रिफाइनिंग क्षमता और उपलब्धता को देखते हुए इसकी जांच कर रहा है।
भारत और बंगलादेश के बीच नदियों के बारे में बंगलादेश के मंत्री की टिप्पणी पर प्रवक्ता ने कहा कि दोनों देशों के बीच कई नदियाँ साझा हैं। दोनों देशों के बीच 54 नदियाँ साझा हैं। पानी से संबंधित सभी सहयोग या चर्चाएँ, जो दोनों देशों के बीच होनी हैं, बांग्लादेश के साथ हमारे द्विपक्षीय संयुक्त नदी तंत्र या संयुक्त नदी आयोग के माध्यम से, साथ ही मौजूद संरचित संवाद तंत्रों के माध्यम से, की जानी हैं।”
