
रीवा, रीवा मे मध्य प्रदेश आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और विक्रय के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सहायक आबकारी आयुक्त रीवा के निर्देशन में आबकारी टीम ने वृत्त-चाकघाट के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गाँवों में दबिश देकर भारी मात्रा में हाथ भट्टी मदिरा, महुआ लाहन और विदेशी मदिरा जब्त की है।
आबकारी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, टीम ने मुखबिर की सूचना पर चाकघाट वृत्त के ग्राम पनाशी, कुशमैदा, बरौली ठकुरान और परसादा में संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की।इस पूरी कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने कुल 07 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर विवेचना में लिया गया है।
आज की इस कार्रवाई में कुल 2680 किलोग्राम महुआ लाहन जिसे मौके पर नष्ट किया गया, साथ ही 70 लीटर हाथ भट्टी मदिरा, 28 केन लेमाउन्ट बियर और 05 पाव गोवा व्हिस्की बरामद की गई है। जब्त की गई कुल मदिरा और सामग्री की अनुमानित कीमत 2 लाख 85 हजार 7 सौ 50 रुपये आंकी गई है।
