सिलीगुड़ी, 17 अगस्त (वार्ता) पश्चिम बंगाल के प्रमुख व्यावसायिक शहर सिलीगुड़ी में सेवोक रोड पर स्थित एक इंडस्ट्रियल पार्क में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई, जिससे वहां काम करने वाले लोगों और स्थानीय निवासियों में अफरातफरी मच गई।
इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है लेकिन इसमें एक करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आग सुबह करीब 10 बजे प्लास्टिक पैकेजिंग यूनिट में लगी और जल्द ही इंडस्ट्रियल पार्क में मौजूद अन्य प्रतिष्ठानों तक फैल गई, जिसमें एक प्लास्टिक गोदाम भी शामिल है।
स्थानीय लोगों और इंडस्ट्रियल पार्क के कर्मचारियों ने शुरू में आग पर काबू पाने की कोशिश की। करीब 15 मिनट बाद दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग के तेजी से फैलने के कारण चार दमकल गाड़ियों को सेवा में लगाया गया।
दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए डेढ़ घंटे से अधिक समय तक मशक्कत की। पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे, जबकि पुलिस आयुक्त ने स्थिति का जायजा लेने के लिए इलाके का दौरा किया।
पार्क से जुड़े एक उद्योगपति रतन बिहानी ने कहा कि नुकसान का सही आकलन अभी नहीं किया गया है लेकिन यह नुकसान एक करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है।
श्री बिहानी ने कहा, “जब इंडस्ट्रियल पार्क स्थापित किया गया था, तब आग बुझाने की आंतरिक व्यवस्था पर्याप्त थी। समय के साथ हालांकि ये व्यवस्थाएं अपर्याप्त हो गई हैं। हमें आग पर काबू पाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।”
उन्होंने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है। आग लगने का कारणों का तुरंत पता नहीं चल सका। अधिकारी नुकसान का आकलन कर रहे हैं।
