रूस ने यूक्रेन के क्रिवी रीह स्थित लक्ष्मी मित्तल की आर्सेलरमित्तल स्टील प्लांट पर हमला किया। हमले में दो कर्मचारियों की मौत हुई और उत्पादन प्रभावित हुआ।
यूक्रेन-रूस के बीच युद्ध जारी है। एक-दूसरे पर दोनों देशों के हमले पहले और अधिक खतरनाक हो गए हैं। इसी कड़ी में रूस ने यूक्रेन के सबसे बड़े स्टील प्लांट पर हवाई हमला किया है। यह प्लांट भारतीय मूल के अरबपति लक्ष्मी मित्तल की कंपनी आर्सेलरमित्तल का है। रूस के हमले में प्लांट में काम करने वाले दो कर्मचारियों की मौत हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, आर्सेलरमित्तल का यह प्लांट यूक्रेन के क्रिवी रीह शहर में है। यह यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की का होम टाउन भी है। आर्सेलरमित्तल का यह प्लांट यूक्रेन की सबसे बड़ी एकीकृत स्टील यूनिट भी है। बताया जा रहा है कि रूस ने इस प्लांट पर हमला यूक्रेन की ओर से पहले किए गए बड़े ड्रोन हमलों के जवाब में किया। हमले से प्लांट की बिजली व्यवस्था और स्टील बनाने वाली ब्लास्ट फर्नेस यूनिट को भी नुकसान पहुंचा है। इसके चलते प्लांट के उत्पादन के कुछ हिस्से को रोकना पड़ा।
यूक्रेन ने रूस पर दागे थे सैकड़ों ड्रोन
रूस ने आर्सेलरमित्तल के प्लांट पर यूक्रेन द्वारा किए गए ड्रोन हमलों के जवाब में किया है। रूस के मुताबिक, यूक्रेन ने उसके कई इलाकों में सैकड़ों ड्रोन भेजे थे। इस हमले में कम से कम 6 लोगों की मौत हुई थी। रूस ने बताया कि यह हमला युद्ध के दौरान यूक्रेन द्वारा किए गए सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक था। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने रातभर में देशभर में 822 यूक्रेनी ड्रोन को निष्क्रिय किया।
मॉस्को के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने बताया कि इलाके में यूक्रेनी ड्रोन एक निजी घर पर गिरा। जिसमें 83 साल के एक बुजुर्ग की मौत हो गई। वोरोब्योव ने कहा कि यूक्रेन के हमलों की वजह से वाइल्डबेरीज के गोदाम में आग लग गई। वाइल्डबेरीज रूस की सबसे बड़ी ऑनलाइन रिटेल कंपनी है। इसकी मालिक रूस की सबसे अमीर महिला और अरबपति तात्याना किम हैं।
यूक्रेनी हमलों का दिया जवाब
रूस ने रविवार को यूक्रेन के क्रिवी रीह शहर में आर्सेलरमित्तल के स्टील प्लांट पर ड्रोन और मिसाइल से हमले किए। इसमें दो लोगों की मौत हो गई। रूस के हमलों में यूक्रेन के दूसरे इलाकों को भी निशाना बनाया गया है। दक्षिण-पूर्वी जापोरिज्जिया क्षेत्र में दो लोगों की मौत हुई। जबकि बॉर्डर से लगे सूमी इलाके में एक व्यक्ति और पूर्वी दोनेत्स्क में भी एक व्यक्ति की मौत हुई।
