अमित शाह ने सोनिया गांधी पर साधा निशाना, कहा- वंदे मातरम का अपमान करने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी

चित्तौड़गढ़, (वार्ता) गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि मुख्य विपक्षी पार्टी के मुख्यालय पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने ‘वंदे मातरम्’ को बीच में ही रुकवाकर उसका अपमान किया है। इसके लिए देश की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।

श्री शाह रविवार को राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण करने के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि 80 वर्ष बाद बंकिम बाबू के अमर मंत्र और अमर गान को फिर से सम्मान मिलना विपक्ष को रास नहीं आ रहा है। उन्होंने विपक्षी पार्टी की प्रमुख नेता सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की 140 करोड़ जनता आपको देख रही है और आपके किये गये इस पाप को देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी।

श्री शाह ने कहा कि कोई स्वप्न में भी कैसे सोच सकता है कि ‘वंदे मातरम्’ का गान अधूरा छोड़ दिया जाये।

श्री शाह ने कहा कि आजादी के 80 वर्ष बाद लाल किले की प्राचीर और देशभर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोहों में पहली बार ‘वंदे मातरम’ का गान हुआ।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की अमर कृति के दो शब्द ‘वंदे मातरम’ बोलकर हजारों-लाखों लोग फांसी के फंदे पर चढ़ गये, गोलियां और लाठियां खायीं और कई वर्षोँ तक जेलों में रहे।

उन्होंने आरोप लगाया कि वोट बैंक की लालच में विपक्षी पार्टी ने ‘वंदे मातरम’ को भुला दिया था। अब ‘वंदे मातरम’ की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री मोदी ने ‘वंदे मातरम’ को नयी ऊर्जा और आयु दी है।

 

Next Post

पांच दिवसीय कोटा बूंदी के प्रवास पर रहेंगे बिरला

Mon Aug 17 , 2026
कोटा, (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सोमवार से राजस्थान में संसदीय क्षेत्र कोटा-बून्दी के पांच दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री बिरला सोमवार पूर्वाह्न 11 बजे बोरेखेड़ा कोरल पार्क के एलन सुहास सभागार में आयोजित ‘सुरक्षा संवाद-महिला सुरक्षा संकल्प’ कार्यक्रम […]

You May Like