इंदौर: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सीताराम चैरिटेबल ग्रुप द्वारा समाजसेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। संस्था की ओर से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों, विशेषकर बच्चों एवं परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और स्वस्थ भारत के निर्माण में सहभागिता करना रहा।
दिलीप नरेड़ी , पंकज सिंघल, देवेंद्र राजपूत ,करण कालरा एवं साथियों के प्रयासों से आयोजित इस कार्यक्रम में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। शिविर में ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन, वजन एवं BMI की निःशुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
शिविर में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रितेश पाटीदार, हड्डियों एवं जोड़ों के विशेषज्ञ डॉ. हिमांशु सुमन, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. पवन पंचोली तथा डायबिटीज विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक अग्रवाल ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
यह आयोजन गुरुजी वाटिका, न्यू आर.टी.ओ. रोड, पालदा, इंदौर में किया गया। स्वास्थ्य जांच के साथ ही संस्था की ओर से आगंतुकों के लिए प्रसादी स्वरूप स्वादिष्ट भोजन, जिसमें पाव-भाजी एवं गुलाब जामुन शामिल रहे, की भी व्यवस्था की गई।
सीताराम चैरिटेबल ग्रुप ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य एवं सेवा का लाभ पहुंचाने के लिए अधिक से8 अधिक लोग ऐसे सामाजिक अभियानों से जुड़ें। संस्था का संदेश है—“सेवा ही सच्चा धर्म, स्वस्थ भारत—समर्थ भारत।”
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह पहल देशभक्ति की भावना को समाजसेवा से जोड़ने का एक प्रेरणादायी उदाहरण बनी।
