ग्वालियर: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 58 स्थित पड़ाव की पार्क होटल कॉलोनी में नगर निगम ग्वालियर द्वारा लगभग 11 लाख रुपये की लागत से विकसित नवीन पार्क का लोकार्पण जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा, पौधारोपण और राष्ट्र की एकता-अखंडता की शपथ के साथ देशभक्ति का संदेश भी दिया गया।
नवीन पार्क का लोकार्पण पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, महाराणा प्रताप बोर्ड मध्यप्रदेश के अध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया, नगर निगम अध्यक्ष मनोज तोमर, क्षेत्रीय पार्षद अपर्णा पाटिल, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, सेवानिवृत्त आईएएस विनोद शर्मा तथा वरिष्ठ नेता रामेश्वर भदोरिया ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रभक्ति दोनों ही हमारी सामूहिक जिम्मेदारियां हैं। पौधारोपण भविष्य की पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित करेगा, वहीं तिरंगे के प्रति सम्मान राष्ट्र की एकता और अखंडता को सुदृढ़ बनाएगा।
महाराणा प्रताप बोर्ड के अध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया ने कहा कि विकसित पार्क न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाते हैं, बल्कि नागरिकों को स्वच्छ, हराभरा और स्वस्थ वातावरण भी उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने पार्कों के संरक्षण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
नगर निगम अध्यक्ष मनोज तोमर ने कहा कि निगम शहर में मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ पार्कों के विकास पर भी विशेष ध्यान दे रहा है। पार्क होटल कॉलोनी का यह नया पार्क बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपयोगी सार्वजनिक स्थल साबित होगा।
नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने कहा कि शहर में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने पार्क के बेहतर रखरखाव के निर्देश अधिकारियों को दिए और क्षेत्रवासियों से इसकी स्वच्छता एवं हरियाली बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
क्षेत्रीय पार्षद अपर्णा पाटिल ने पार्क निर्माण के लिए नगर निगम का आभार जताते हुए कहा कि नागरिकों के सहयोग से इसे और अधिक सुंदर बनाया जाएगा, जबकि सेवानिवृत्त आईएएस विनोद शर्मा ने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पौधों की देखभाल और स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने पर बल दिया।
लोकार्पण के बाद जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने पार्क परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प लिया। वहीं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत सभी ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा की शपथ ली। पूरे परिसर में देशभक्ति का उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में अपर आयुक्त प्रदीप सिंह तोमर, मुनीश सिंह सिकरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
