
ग्वालियर। सिद्ध श्री गंगादास जी की बड़ी शाला, लक्ष्मीबाई कॉलोनी में 500वें श्रावण हिंडोला झूला उत्सव के अंतर्गत धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। उत्सव में श्रीमद्भागवत गीता प्रवचन, रासलीला, श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ, श्रावणी उत्सव एवं संस्कृत दिवस सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान होंगे।
उत्सव का आयोजन श्री पूरन बैराठी पीठाधीश्वर स्वामी श्री रामसेवक दास जी महाराज के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। कार्यक्रम में संत-महात्माओं और विद्वान आचार्यों का सानिध्य रहेगा।
उत्सव के अंतर्गत 15 से 17 अगस्त तक प्रतिदिन शाम 3 से 6 बजे तक श्रीमद्भगवद्गीता प्रवचन आयोजित होगा। इसमें डॉ. विष्णु नारायण तिवारी जी प्रवचन देंगे। 15 से 24 अगस्त तक प्रतिदिन शाम 6 से रात 10 बजे तक श्रीधाम वृंदावन के रास बिहारी मंडल द्वारा रासलीला की प्रस्तुति दी जाएगी। धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण में होने वाली यह रासलीला श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण रहेगी। 18 से 24 अगस्त तक प्रतिदिन शाम 3 से 6 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन होगा। कथा प्रवक्ता पं. श्री जानकी बल्लभ शास्त्री जी, वृंदावन धाम श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत के आध्यात्मिक संदेश से परिचित कराएंगे। 25 अगस्त 2026 को सुबह 8 से 11 बजे तक हवन एवं यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12 से 4 बजे तक महाप्रसादी एवं भंडारे का आयोजन होगा।
श्रावणी उत्सव एवं संस्कृत दिवस:
श्रावणी उत्सव एवं संस्कृत दिवस का आयोजन पं. श्री रामस्वरूप शास्त्री जी के सानिध्य तथा पं. रामनरेश शास्त्री जी के आचार्यत्व में किया जाएगा। आयोजन में संस्कृत भाषा, भारतीय ज्ञान परंपरा और सनातन संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डाला जाएगा। कार्यक्रम 28 अगस्त 2026 को सुबह 7 बजे से आयोजित होगा। आयोजन से जुड़े आयोजकों एवं श्रद्धालुओं ने कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है। विशेष रूप से यज्ञ, महाप्रसादी और अन्य कार्यक्रमों में समय का ध्यान रखने की अपील की गई है।
