चंडीगढ़, 13 अगस्त (वार्ता) भारत की स्वतंत्रता के 80वें वर्ष के अवसर पर ग्रुप सेंटर सीआरपीएफ, पिंजौर की ओर से बुधवार को सुखना लेक पर सीआरपीएफ बैंड डिस्प्ले कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम उप महानिरीक्षक अरविंद राय के सानिध्य में आयोजित हुआ, जिसमें सीआरपीएफ बैंड के जवानों ने देशभक्ति गीतों और विभिन्न देशभक्ति धुनों की प्रस्तुतियां दीं।
बैंड के जवानों ने अनुशासनबद्ध प्रस्तुति के माध्यम से देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को प्रदर्शित किया। सुखना लेक पर मौजूद लोगों ने प्रस्तुतियों का तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर डिप्टी कमांडेंट हर्ष त्रिपाठी ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ आम लोगों और सुरक्षा बलों के बीच भावनात्मक जुड़ाव बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने सीआरपीएफ जवानों के अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। बैंड की प्रस्तुतियों के बाद कार्यक्रम का समापन देशभक्ति के नारों के साथ हुआ।
