
नई दिल्ली। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के बल-परिवारों के कल्याण के लिए कार्यरत हिमवीर वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (हावा) ने रविवार को हरियाली तीज महोत्सव पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम की मेजबानी 22वीं वाहिनी आईटीबीपी, तिगड़ी कैंप, नई दिल्ली ने की।
महोत्सव में हावा सदस्याओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मेहंदी, तीज क्वीन प्रतियोगिता, लोकगीत और पारंपरिक झूलों ने कार्यक्रम में रंग भर दिया।
हावा की अध्यक्षा श्रीमती भारती कपूर ने हिमवीर परिवारों को हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, समर्पण और विश्वास का प्रतीक है। ऐसे पारंपरिक पर्व पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने के साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने हावा सदस्याओं से भारतीय संस्कृति और परंपराओं को गर्व के साथ अपनाने तथा इनके संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में हावा की वरिष्ठ सदस्याएं भी मौजूद रहीं।
