पेड़ लगाना आसान, उसे बड़ा करना कठिन, बेटे की तरह करें देखभाल : शाह

 

 

इंदौर, 14 जुलाई (वार्ता) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज देश भर में इन दिनों चल रहे ‘एक पेड़, मां के नाम’ अभियान के बीच देशवासियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि पेड़ लगाना आसान है, उसे बड़ा करना कठिन है, पेड़ लगा कर आप उसकी बेटे की तरह चिंता करें, वो बड़ा होकर मां की तरह आपकी देखरेख करेगा।

इंदौर में आज एक ही दिन में 11 लाख पौधे लगाए गए। श्री शाह इसी वृहद अभियान में हिस्सा ले रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, राज्य सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और तुलसी सिलावट समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर का आह्वान किया था कि ये अभियान चलाया जाए। शुरुआत में किसी को नहीं पता था कि ये नारा ना रहकर जन आंदोलन बन जाएगा। हर व्यक्ति पौधारोपण करते हुए अपनी मां के साथ धरती मां भी को प्रणाम कर रहा है।

हालांकि उन्होंने कहा कि वृक्ष बोना आसान है, पर उसे बड़ा करना बहुत कठिन कार्य है। पौधे रोंपने वाले लोग बेटे की तरह उसकी चिंता करें, वो बड़ा होकर मां की तरह आपकी चिंता करेगा।

उन्होंने कहा कि इंदौर स्वच्छता, स्वाद, सुशासन, सहयोग और सहभागिता के लिए जाना जाता है। आज से इंदौर इस अभियान के नाम पर भी देश भर में जाना जाएगा।

श्री शाह ने कार्यक्रम का विवरण देते हुए कहा कि मंत्री श्री विजयवर्गीय ने हर समाज को इस अभियान से जोड़ा है। ये केवल शासन का कार्यक्रम नहीं है। शासन किसी जनआंदोलन को सफल नहीं कर सकता, उसमें सभी की भूमिका होती है। इस अभियान से पूरे इंदौर, हर जाति और समाज को जोड़ा गया है।

गृह मंत्री ने कहा कि वृक्षों का शास्त्रों में भी उल्लेख है। कहा जाता है कि 10 पुत्रों के बराबर एक वृक्ष होता है। इस समय पूरी दुनिया में पर्यावरण की चिंता है। ओजोन परत में छेद से गर्मी बढ़ रही है। ये अभियान इसका सटीक जवाब है।

उन्होंने कहा कि वे मध्यप्रदेश को भारत का फेफड़ा कहते हैं। ये राज्य पूरे देश को ऑक्सीजन देता है। राज्य के क्षेत्रफल का 31 फीसदी ‘फॉरेस्ट कवर’ में आता है। ये पूरे देश का 12 फीसदी है, इसीलिए राज्य के अंदर इसके अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा मिला है।

श्री शाह ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र ने प्रधानमंत्री श्री मोदी को ‘चैंपियन ऑफ अर्थ’ का पुरस्कार देने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने राष्ट्रीय स्तर पर पर्यावरण के लिए कई कदम उठाए हैं।

लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार मध्यप्रदेश आए श्री शाह ने कहा कि वे यहां की जनता को हाथ जोड़ कर प्रणाम करते हैं। यहां से भारतीय जनता पार्टी को भरपूर स्नेह (सभी 29 सीटों के रूप में) मिला है। देश नंबर एक बने, इसका एक हद तक श्रेय मध्यप्रदेश को भी जाता है।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के संदर्भ में उन्होंने कहा कि उनके जीतने के बाद राज्य में विकास के बहुत से कार्य हुए हैं। डॉ यादव ने पिछले दिनों राज्य का अब तक का सबसे बड़ा बजट रखा है।

Next Post

काकुडा की स्क्रिप्ट बेहद एंटरटेनिंग : सोनाक्षी

Sun Jul 14 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email मुंबई, (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा का कहना है कि फिल्म काकुडा की स्क्रिप्ट उन्हें बेहद एंटरटेनिंग लगी इसलिये उन्होंने इस फिल्म मे काम काम किया। आदित्य सरपोतदार के निर्देशन में बनी फिल्म काकुडा में सोनाक्षी सिन्हा […]

You May Like