
सिंगरौली । जियावन थाना पुलिस ने नाबालिग के अपहरण एवं दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को सकुशल बरामद कर आरोपी सूर्यांश उर्फ सूरज चतुर्वेदी उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम खड़ौरा थाना जियावन को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जिला जेल पचौर भेज दिया। मामले में पुलिस ने बीएनएस, पॉक्सो अधिनियम तथा एससी/एसटी एक्ट की विभिन्न धाराएं बढ़ाते हुए कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार 21 जून को परिजनों की शिकायत पर जियावन थाने में नाबालिग के लापता होने का मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के आधार पर पीड़िता को सकुशल दस्तयाब किया। जांच में सामने आया कि आरोपी सूर्यांश उर्फ सूरज चतुर्वेदी पीड़िता को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर 2 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल पचौर भेज दिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी और पीड़ि़ता की सकुशल बरामदगी में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद मर्सकोले, उनि शेषनारायण दुबे, लक्ष्मीनारायण द्विवेदी, आर प्रभात दुबे, महिला आर जया दुबे सहित जियावन थाना पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
