भोपाल। नगर निगम के विनियमित कर्मचारियों ने नियमितीकरण की मांग को लेकर नगर निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और महापौर मालती राय को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों का कहना है कि वे वर्षों से निगम में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें नियमित कर्मचारी का दर्जा नहीं मिला। उनका आरोप है कि चुनाव के दौरान नियमितीकरण का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि लंबे समय से लंबित नियमितीकरण की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि 15 अगस्त तक उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो सभी विनियमित कर्मचारी सामूहिक रूप से काम बंद कर आंदोलन को और तेज करेंगे।
