
सिंगरौली । एनसीएल के सीएमडी बी साईराम ने गोरबी क्षेत्र स्थित ब्लॉक-बी परियोजना का आज निरीक्षण कर उत्पादन, कोयला प्रेषण एवं पुनर्वास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने खदान के व्यू प्वाइंट से अधिभार हटाव ओबी, कोयला उत्पादन तथा कोयला प्रेषण की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान सीएमडी ने वार्षिक उत्पादन लक्ष्य की प्राप्ति के लिए परियोजना प्रबंधन द्वारा परिधीय समुदाय एवं जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने तथा कार्यों में गुणवत्ता एवं गति बनाए रखने के निर्देश दिए। सीएमडी ने ब्लॉक-बी परियोजना में निर्माणाधीन 4.5 मिलियन टन प्रतिवर्ष क्षमता वाले फर्स्ट माइल कनेक्टिविटी एफएमसी प्रोजेक्ट की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने परियोजना से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया, ताकि कोयला परिवहन व्यवस्था और अधिक सुगम एवं आधुनिक बन सके। इसके बाद उन्होंने गोरबी में प्रस्तावित पुनर्वास स्थल मयूर विहार का निरीक्षण कर वहां चल रहे विकास एवं आधारभूत संरचना संबंधी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पुनर्वास कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय महाप्रबंधक पीके त्रिपाठी सहित परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
००००००
