सरई: देवसर विकासखंड के ग्राम पंचायत गजरा बहरा के आंगनवाड़ी केन्द्र क्रमांक 4 का भवन जहां जर्जर होकर छत का प्लास्तर आये दिन गिर रहा है। वहीं शौचालय की हालत बेहद खराब है। विभागीय अधिकारी अनजान बने हुये हैं।ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत गजरा बहरा के आंगनवाड़ी केन्द्र क्रमांक 4 के भवन का निर्माण वर्ष 2013-14 में कराया गया, किंतु गुणवत्ता विहीन कार्य के चलते एक दशक के अंदर ही भवन जर्जर हालत मेें पहुंच गया है।
आलम यह है कि बारिश के दिनों छत का पानी टपकता है और उसका मलवा भी गिरता रहता है। वहीं शौचालय की हालत बेहद खराब है, साफ-सफाई एवं मरम्मत नही कराया गया है, जिससे बच्चों व महिलाओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। जबकि इसकी जानकारी आईसीडीएस अमले को कई बार दी जा चुकी है।
