तिलवारा में नहाते समय दो डूबे, नाविक ने एक को बचाया, दूसरा तेज बहाव में बहा

जबलपुर। तिलवारा घाट पर बुधवार दोपहर नर्मदा नदी के तेज बहाव में नहाते समय दो दोस्त गहरे पानी में डूब गए। नदी में नारियल पकड़ रहे एक नाविक ने अपनी जान पर खेलकर एक किशोर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, नाव पलटने की स्थिति बनने के कारण दूसरे युवक नाविक के हाथ से छूटकर नदी की तेज धारा में बह गया। अंधेरा होने के कारण फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया है, गुरुवार सुबह दोबारा शुरू किया जाएगा।

बुआ के घर घूमने आए थे दोनों दोस्त

रांझी गांधी चौक मानेगांव का रहने वाला 18 वर्षीय संदेश कोल अपने 15 वर्षीय दोस्त विपिन कोल के साथ शाह नाला स्थित अपनी बुआ के घर आया था। बुधवार दोपहर दोनों दोस्त बुआ के घर से घूमने के लिए तिलवारा घाट पहुंचे थे। दोपहर करीब 2 बजे दोनों दोस्त घाट पर नहाने के लिए नदी में उतरे थे।

चीख-पुकार सुन दौड़ा नाविक

तिलवारा थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा के मुताबिक लगातार हो रही बारिश के कारण इन दिनों जलस्तर बढ़ा हुआ है और पानी का बहाव बेहद तेज है। नहाते समय दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में समाने लगे। दोनों को डूबता और बहता देख वहां मौजूद नारियल पकडऩे वाले एक नाविक ने तुरंत अपनी डोंगी उनकी तरफ बढ़ा दी। नाविक ने तत्परता दिखाते हुए विपिन कोल को पकडक़र खींच लिया, जिससे उसकी जान बच गई।

डोंगी पलटने लगी और छूट गया हाथ

बताया जाता है कि विपिन को बचाने के बाद नाविक ने बह रहे संदेश कोल को भी पकड़ लिया था और उसे नाव पर खींचने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान नदी के तेज बहाव के कारण नाविक की डोंगी पलटने लगी। खुद को डूबने से बचाने और नाव को संभालने के चक्कर में नाविक के हाथ से संदेश की पकड़ ढीली हो गई। देखते ही देखते संदेश कोल तेज बहाव की चपेट में आकर आँखों से ओझल हो गया।

सुबह फिर शुरू होगी संदेश की तलाश

घटना की जानकारी मिलते ही तिलवारा पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने नदी में संदेश की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया। हालांकि, शाम को अंधेरा गहराने और नदी की रफ्तार तेज होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन को रोकना पड़ा। थाना प्रभारी ने बताया कि गुरुवार सुबह संदेश की तलाश में दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाएगा।

Next Post

उच्चतम न्यायालय ने कोयला ब्लॉक आवंटन मामले में मनमोहन सिंह को बरी किए जाने संबंधी सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट को दी मंजूरी

Wed Jul 29 , 2026
नयी दिल्ली, 29 जुलाई (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने कोयला ब्लॉक आवंटन मामले में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के खिलाफ आपराधिक मामला बंद कर दिया है और उन्हें बरी किए जाने संबंधी सीबीआई की 2014 में दाखिल की गई दो क्लोजर रिपोर्ट से सहमति जताई है। यह मामला ओडिशा में हिंडाल्को […]

You May Like