
आलीराजपुर। मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार तथा पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह के कुशल निर्देशन में संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जन-जागरूकता अभियान के एकादश दिवस पर जिला आलीराजपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज निर्माण का सशक्त संदेश दिया गया।
जिला पुलिस कंट्रोल रूम, आलीराजपुर में सिंहस्थ प्रशिक्षण हेतु उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों को राजयोग साधना केन्द्र से पधारी बहनों द्वारा नशे के दुष्प्रभावों, मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य पर इसके गंभीर प्रभाव तथा नशामुक्त जीवन के महत्व की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के समापन पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
इसी क्रम में थाना आज़ाद नगर द्वारा शासकीय हाई स्कूल, भुराघाटा में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। चौकी बरझर द्वारा बालक छात्रावास में जागरूकता रैली निकालकर विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।
थाना नानपुर एवं थाना जोबट द्वारा हाट-बाजारों में आमजन के मध्य जन-जागरूकता अभियान चलाकर नशे के दुष्परिणामों एवं बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। थाना बोरी द्वारा भी हाट-बाजार में ग्रामीणजनों को नशामुक्त समाज निर्माण हेतु जागरूक किया गया। थाना कठ्ठीवाड़ा द्वारा शासकीय विद्यालय नानी बड़ोई तथा थाना बखतगढ़ द्वारा शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों को नशे के सामाजिक, मानसिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। थाना आम्बुआ द्वारा थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को नशामुक्त जीवन अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।
विशेष रूप से सायबर सेल एवं महिला थाना प्रभारी श्रीमती मनोरमा सिसोदिया द्वारा सर प्रताप शासकीय जिला उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, आलीराजपुर में विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों एवं बचाव के उपायों की जानकारी देने के साथ-साथ क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन से स्वयं नशे से दूर रहने, अपने परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने तथा जन-जागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
जिला पुलिस आलीराजपुर द्वारा अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्रामों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता गतिविधियाँ निरंतर संचालित की जाएंगी।
