प्रभारी मंत्री के दौरे से पहले पुलिस महकमे में बड़े फेरबदल के संकेत

सिंगरौली । जिले में प्रभारी मंत्री सम्पतिया उईके के प्रस्तावित दौरे से पहले पुलिस विभाग में बड़े प्रशासनिक फेरबदल की चर्चाएं तेज हो गई हैं। हाल ही में पुलिस विभाग में निरीक्षक, उप निरीक्षक और सहायक उप निरीक्षकों के पदोन्नति आदेश जारी होने के बाद कई अधिकारी नई जिम्मेदारियों के लिए स्थानांतरित हो चुके हैं। इसके चलते जिले के कई थानों और चौकियों में पद रिक्त होने की स्थिति बन गई है। ऐसे में इन पदों पर नई पदस्थापना को लेकर पुलिस महकमे में हलचल तेज है।

जानकारों का कहना है कि निरीक्षकों के डीएसपी पद पर पदोन्नत होने, उप निरीक्षकों के निरीक्षक बनने तथा सहायक उप निरीक्षकों के उप निरीक्षक पद पर पदोन्नत होने के कारण विभागीय ढांचे में व्यापक बदलाव स्वाभाविक है। रिक्त हुए थाना और चौकी प्रभारियों के पदों पर नए अधिकारियों की तैनाती जल्द होने की संभावना जताई जा रही है। विभाग के भीतर संभावित सूची को लेकर चर्चाओं का दौर लगातार जारी है। राजनीतिक गलियारों में भी इस प्रशासनिक प्रक्रिया को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। विपक्षी दल संभावित तबादलों और पदस्थापनाओं को लेकर सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि तबादला प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए और इसमें किसी प्रकार का राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए। विपक्ष इसे आगामी दिनों में बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाने की तैयारी में दिखाई दे रहा है।

कब तक आएगी नवीन पदस्थापना सूची

पुलिस विभाग के अधिकारियों का मानना है कि पदोन्नति के बाद रिक्त हुए पदों पर नई पदस्थापना एक नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया है, ताकि कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग प्रभावित न हो। प्रभारी मंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए भी प्रशासनिक स्तर पर व्यवस्थाओं को मजबूत करने की कवायद तेज मानी जा रही है। अब सभी की निगाहें पुलिस मुख्यालय और जिला पुलिस प्रशासन की ओर हैं। यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि नई पदस्थापना सूची कब जारी होती है और किन अधिकारियों को किस थाना अथवा चौकी की जिम्मेदारी सौंपी जाती है। माना जा रहा है कि आगामी कुछ दिनों में जारी होने वाले आदेश जिले की पुलिस व्यवस्था के साथ-साथ राजनीतिक चर्चाओं का भी केंद्र बन सकते हैं।

Next Post

पांच आरोपियों पर शिकंजा, 10.40 लाख रुपये की मोटरसाइकिलें जप्त

Sat Jul 25 , 2026
चितरंगी । चितरंगी पुलिस ने वाहन चोरी के एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10 लाख 40 हजार रुपये कीमत की 9 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपियों के विरुद्ध म.प्र. और उ.प्र. […]

You May Like